महिला उन्नति संस्था ने भानु शरण को बनाया बिहार प्रभारी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। आधी दुनिया के प्रति पूरी तरह से समर्पित संगठन ‘महिला उन्नति संस्था’ (भारत) लगातार विस्तार की ओर उन्मुख है। उत्तर भारत के साथ-साथ अब इस संस्था ने बिहार में भी महिलाओं को जागरूक करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में संस्था ने वरिष्ठ समाजसेवी भानु शरण को बिहार प्रभारी के पद पर मनोनीत किया है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राहुल वर्मा और महासचिव अनिल भाटी ने उम्मीद जताई है कि भानु जी के सहयोग से निश्चित ही ‘महिला उन्नति संस्था’ बिहार की जो अशिक्षित महिलाएं हैं, उनकी दिशा और दशा बदलने में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाओं को इस संस्था के माध्यम से सशक्त बनाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भानु शरण एक कर्मठ व्यक्ति हैं और देश की कई प्रतिष्ठित एवं अखिल भारतीय संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। उनका सेवाभाव ही उनका कद और बड़ा करता है। गुरुवार की शाम उन्होंने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बातचीत करते हुए कहा कि दुनिया भर में हम महिलाओं के वजूद, अधिकारों और निर्णय लेने की उनकी क्षमता को नकारने का चलन देख रहे हैं। और ये सब परिवारों की संस्कृति और मूल्यों को बचाने के नाम पर किया जाता है। आज के दौर में लगभग तीन अरब महिलाएँ ऐसे देशों में रहती हैं जहाँ वैवाहिक जीवन में बलात्कार को अपराध नहीं समझा जाता है लेकिन अन्याय और अधिकारों का उल्लंघन अनेक अन्य रूपों में भी होता है।
उन्होंने बताया कि बिहार में महिलाओं की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। खासकर गांवों की दशा बहुत अधिक खराब है। लड़कियों को लड़कों के समान संपत्ति और विरासत के अधिकार नहीं मिलते हैं। इससे भी ज़्यादा दुखद यह है कि करीब एक तिहाई विवाहित महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के बारे में ख़ुद निर्णय लेने का अधिकार नहीं होता या बहुत कम होता है। महिला उन्नति संस्था के माध्यम से हम पूरे राज्य में टीम बनाकर महिलाओं को जागरूक करने की कोशिश करेंगे। साथ ही राज्य महिला आयोग को भी इस संबंध में रिपोर्टर की जाएगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*