राहुल गौतम/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन, किसान सेना व भाकियू लोक शाक्ति ने संयुक्त रूप से लाइनपार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अवनीत पवार और केशव चौधरी के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी नगर निगम जोन विजय नगर ऑफिस पहुंच गए। वहां कोई अधिकारी नहीं था। ऐसे में किसान भड़क उठे। उन्होंने जोनल प्रभारी के ऑफिस में ताला बंद कर दिया। एसडीएम एवं जोनल प्रभारी को सूचना मिली तो दोनों अधिकारियो ने मौके पर पहुंचकर किसानों से ज्ञापन लिया और उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया।
बुधवार, 25 अगस्त को विजय नगर स्थित नगर निगम जोनल ऑफिस पर भारतीय किसान यूनियन, किसान सेना व भाकियू लोक शाक्ति ने लाइनपार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर खूब हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पूरा क्षेत्र समस्याओं से भरा पड़ा है। कोई अधिकारी लाइनपार क्षेत्र पर ध्यान नहीं देता। चौधरी ने सात सूत्रीय मांग पत्र सौपते हुए कहा कि सैन विहार से बहरामपुर तक नाला न होने के कारण गंदा पानी कालोनी में भरा रहता है। कई बार तो घरों में प्रवेश कर जाता है। आए दिन हादसे अलग होते रहते हैं। अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने बताया कि एनएच 9 के बराबर में सर्विस रोड न होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। साथ ही सैन बिहार व शांति नगर के बीच में कालोनीवासियों को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के नाम से पार्क बनवाने व गांव डूंडाहेड़ा की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को तत्काल हटवाकर तारफेन्सिंग कराने की मांग की। इसके अलावा पुराने नीलम धर्म कांटे पर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 9 द्वारा रोड से कॉलोनी में आने-जाने के लिए ढलान का रास्ता बनवाने और ग्राम डूंडाहेड़ा में तालाब का सौंदर्यीकरण करोन की भी मांग की गई है। इस मौके पर योगेश शर्मा जिला अध्यक्ष, गौरव यादव, जगत अली खान, महेंद्र मिश्रा, सीमा कुशवाहा, गीता शर्मा आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply