गाजियाबाद में अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। मुरादनगर थाना पुलिस ने आज पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर एक अवैध असलहा फैक्टरी का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने फैक्टरी मालिक एवं हथियारों के सौदागर की पत्नी और भतीजे समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तैयार और अधबने हथियारों का जखीरा, कच्चा माल और हथियार बनाने के उपकरण के साथ 1.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। एक आरोपी फैक्ट्री मालिक का दामाद अभी फरार है। पुलिस उसे तलाश रही है। साथ ही सफलता प्राप्त करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
शनिवार, 4 सितम्बर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि पुलिस को मुरादनगर थाना क्षेत्र में शहजादपुर की पुलिया के पास एक मकान में अवैध हथियारों की फैक्टरी चलने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर एसपी ग्रामीण ईरज राजा के दिशा-निर्देश पर टीम ने छापेमारी की तो इस फैक्टरी का भंडाफोड़ हो गया। मौके से पुलिस ने मुंगेर बिहार निवासी मोहम्मद मुस्तफा उर्फ मुसरा, मोहम्मद सालम आलम, मोहम्मद कैफी आलम उर्फ मोहम्मद आरिफ, मेरठ निवासी सलमान और असगरी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 5 पिस्टल .32 बोर, 20 अधबने पिस्टल, 32 कारतूस .30 बोर, 45 कारतूस .32 बोर, 55 बैरल, 13 मैगजीन, 01 ड्रिल मशीन व अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार अभी इसी मामले में फैक्टरी मालिक जहीरुद्दीन और उसका दामाद फय्याज फरार हैं। पुलिस उन्हें तलाश रही है। बताया जा रहा है कि जहीरुद्दीन और उसके दामाद फय्याज ने मिलकर ही यह कारोबार शुरू किया था और ये दोनों अवैध हथियारों के बड़े सौदागर हैं। जबकि असगरी मुख्य आरोपी जहीरुद्दीन की पत्नी है और सलमान उसका भतीजा है। बाकी की जांच-पड़ताल जारी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*