राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को कई राज्यों में छापा मारकर छह आतंकियों को गिरफ्तार कर पाक के संगठित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। दो आतंकी पाक प्रशिक्षित हैं। गिरफ्तार आतंकियों के नाम जीशान, जान मोहम्मद अली, मोहम्मद अबू बकर, ओसामा, मोहम्मद आमीर जावेद और मूलचंद उर्फ लाला है। इनकी योजना नवरात्र के दौरान यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों में ब्लास्ट करने की थी।
पुलिस के मुताबिक पहले महाराष्ट्र से एक आतंकी को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ के बाद तीन को यूपी से और दो को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। इनमें दो को 15 दिनों के लिए आतंकी ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भेजा गया था। ये फ़्लाइट से मस्कट गए और वहां से बोट से पाकिस्तान गए थे। ट्रेनिंग के बाद इन्हें वापस भारत भेज दिया गया। इनकी योजना नवरात्र के दौरान यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों में ब्लास्ट करने की थी। पाकिस्तान में रह रहे अंडर वर्ल्ड दाऊद के भाई अनीस को इन्हें भारत मे हथियार व गोला बारूद मुहैया कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। इनके साथ पाकिस्तान में 15 बांग्लादेशी ने भी ट्रेनिंग ली थी। उन्हें भी इन्हीं के साथ भारत भेज दिया गया था। ये सभी पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन से जुड़े हुए हैं। इनकी फंडिंग भी पाक की खुफिया एजेंसी आईएसआई और दाउद कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि राजधानी दिल्ली हमेशा से आतंकियों के निशाने पर रही है। पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन दिल्ली को दहलाने की साजिश रचते रहते हैं। दिल्ली पुलिस को 15 अगस्त से पहले आतंकियों का इनपुट मिला था, उसी को ध्यान में रखकर स्पेशल टीम काम कर रही थी। इसी बीच पुलिस को इस आतंकी गतिविधि का इनपुट मिला, जिसके बाद यूपी के बहराइच, महाराष्ट्र और दिल्ली में छापा मारकर इन आतंकियों को गिरफ्तार किया गया।


Leave a Reply