राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में सिकरोड, भोवापुर और मिग्सन सोसायटी के निवासियों ने सोमवार को प्रदर्शन कर नगर निगम अधिकारियों को दंडित करने की मांग की। मिगसन रेजिडेंशियल सोसायटी के सामने नगर निगम द्वारा अवैध रूप से डंपिग ग्राउंड बना दिया गया है। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने आज जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और जांच कर दोषी नगर निगम अधिकारियों को दंडित करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
मानवाधिकार कार्यकर्ता विष्णु कुमार गुप्ता ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि नगर निगम अधिकारियों ने नियमों के विपरीत यहां डंपिग ग्राउंड बना दिया। 50-60 फुट गहरा गड्ढा खोदकर कूड़ा दबाए जाने से क्षेत्र का पानी खराब हो गया है। बीमारी फैलनी शुरू हो गई है। हमारे साथ छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी रहते हैं। जबकि सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2016 के प्रथम शेड्यूल में दिए गए नियमों के अनुसार 200 मीटर निवास के अंदर और 20 किमी एयरपोर्ट/एयरबेस के अंदर लैंडफिल साइट/डंपिग ग्राउंड नहीं बनाया जा सकता है।
गुप्ता ने बताया कि डंपिंग ग्राउंड के ठीक सामने ही मिग्सन सोसायटी है और हवाई मार्ग से केवल तीन किमी के अंदर वायुसेना का हवाई अड्डा है। राजनगर एक्सटेंशन के ऊपर से ही अपनी ऊंचाई को कम करते हुए हवाई जहाज उतरते हैं। ऐसे में दोषी नगर निगम अधिकारियों को दंडित किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से एम.के. शर्मा, एन.के. पांडेय, देवराज त्रिपाठी, अजय चौधरी, पिंटू शर्मा, देव चौधरी आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply