खाकी का दिखा मानवीय चेहरा, महिला उन्नति संस्था ने किया सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। नोएडा पुलिस ने इंसानियत की एक और मिसाल पेश की है। और इसे पहचाना है महिलाओं को जागरूक करने के लिए लगातार कार्य कर रही महिला उन्नति संस्था ने। संस्था की नोएडा महानगर अध्यक्ष स्वेता त्यागी व उनकी टीम ने रविवार को थाना फेस-2 पहुंचकर उन पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया है, जिन्होंने पुलिस के मानवीय चेहरे को दिखाया है।
उल्लेखनीय है कि गत दिनों पुलिस सहायता नंबर 112 के माध्यम से महिला एवं बाल सुरक्षा अधिकारी वृन्दा शुक्ला को सूचना मिली थी कि नोएडा के सेक्टर 93 स्थित फुटपाथ पर एक विक्षिप्त गर्भवती महिला प्रसव वेदना से तड़प रही है। उन्होंने तुरंत थाना फेज-2 पुलिस को हरसम्भव सहायता करने का आदेश दिया। थाने में तैनात उप निरीक्षक दिनेश कुमार, राजेंद्र चौहान और महिला पुलिसकर्मी सीमा, प्रीति, रजनी व आशा ने बगैर समय गंवाए मौके पर पहुंचे। असहनीय दर्द से छटपटा रही गर्भवती महिला को अस्पताल ले गए, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। खाकी की इस मानवीयता ने दो जिंदगियों को बचा लिया। मां और बच्चा दोनों सकुशल हैं।
3 अक्टूबर को महिला उन्नति संस्था की नोएडा महानगर इकाई की अध्यक्ष श्वेता त्यागी ने खाकी के इस प्रशंसनीय कार्य को देखते हुए थाना फेस 2 के संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया है। इस अवसर पर संस्था के कई अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। श्वेता त्यागी ने कहा कि लोग पुलिस के बारे में तरह तरह की बात करते हैं मगर उनके द्वारा किये जाने वाले सराहनीय कार्यो की तरफ कोई ध्यान नहीं देता। पुलिस सदैव हमारी सुरक्षा में मुस्तैद रहती है और वह भी सम्मान की हकदार है। इस अवसर पर नोएडा महानगर इकाई की मंजू मेहता, सुषमा झा, दिवाकर त्यागी, विष्णु गुप्ता, उपासना, अनीता शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*