बलविन्द्र गर्ग/जयन्त जैन
गिद्दड़बाहा। पिछले सितंबर माह में पंजाब में हुए तख्ता पलट के तहत स.चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया गया जो कि दलित समाज से तालुक रखते हैं। मुख्यमंत्री द्वारा जो मंत्रिमंडल का गठन किया गया, उसमें गिद्दड़बाहा के दूसरी बार चुने गए विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को मंत्रिमंडल में जगह देते हुए परिवहन मंत्री बनाया गया। मंत्रीपद का जिम्मा संभालने के बाद उन्होंने अलग-अलग शहरों में छापेमारी करते हुए राज्य में एक ही नम्बर पर चल रही 4-4 बसों, बिना परमिट चलने, बिना टैक्स भरे जिन पर करोड़ों रुपये बकाया था, तमाम बसों को जब्त कर बहुत बड़ा काम किया है। इससे देा फायदे हए, पहला तो यह कि पंजाब में घाटे में चल रहे परिवहन विभाग को करोड़ों रुपये की आमदनी होनी शुरू हो गई और दूसरा आम लोगों की सुरक्षा बढ़ गई।
यहाँ यह बताना जरूरी है कि मंत्री राजा वडिंग राज्य के अकेले ऐसे मंत्री हैं जिन्होंने दिन रात एक करके अपने विभाग को जो घाटे में चल रहा था, उसे मुनाफे में ला खड़ा किया है। इसी महीने की 21 तारीख को उन्होंने एक प्रेस कांफ्रेंस में 21 दिन का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए बताया कि सडक़ों पर बिना टैक्स चलने वाली 258 बसों को जब्त किया गया है। खज़़ाने में 3.29 करोड़ रुपये का टैक्स जमा हुआ। परिवहन विभाग की आमदनी में 7.98 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। आमदनी में रोज़ाना 17.24 प्रतिशत का बढ़ावा हो रहा है, 45 दिन में पंजाब में 842 नई बसें दौडऩे लगेंगी। करीब 800 ड्राइवर, कंडक्टर और दूसरे स्टाफ़ की नई भर्ती होगी। इसके अलावा 230 करोड़ रुपये की लागत से 52 नए बस स्टैंड बनेंगे। जबकि 45 करोड़ रुपये की लागत से 70 बस स्टैंड का नवीनीकरण किया जाएगा। साथ ही बसों पर नशा व तंबाकू पदार्थों वाले इश्तिहार अब नहीं लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रविवार को बस स्टैंडों पर सफ़ाई अभियान चलाया जाएगा। आरटीए अधिकारियों के अलावा जीएम भी बसों की चैकिंग किया करेंगे। साथ ही इसी महीने से मुलाज़िमों की तनख्वाह में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी और ठेका मुलाजिम पक्के होंगे तथा हर साल पांच प्रतिशत का बढ़ावा किया जाएगा।


Leave a Reply