बाराबंकी: युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने हत्या का मामला बताकर किया हंगामा

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवादददाता
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोहिलपुर में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने पर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि पांच लोगों ने युवक की हत्या कर इस मामले को खुदकुशी का बनाने के लिए उसका शव पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रवि पंडित उर्फ रवि प्रकाश पाठक (25) सुपुत्र पुतान पंडित के रूप में हुई है। रविवार की शाम रवि का शव गांव के बाहर एक पेड़ से फंदे से लटका हुआ देखा गया। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय थाना जैदपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भेज दिया। सोमवार, 25 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव मिला तो वे लोग गांव लौटते समय बरैया चौराहे पर शव रखकर हंगामा करने लगे। उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया।
परिजनों का आरोप है कि पाच लोगों ने मिलकर रवि की हत्या की है। उन्होंने शव को फंदे से लटकाकर इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची है। मामला गर्माता देख बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ अधिकारियों ने भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने की कोशिश की लेकिन पीड़ित पक्ष लगातार न्याय की गुहार लगा रहा था। तत्पश्चात बाराबंकी सीओ आए। उन्होंने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजन शव का अंतिम दाह-संस्कार करने के लिए राजी हुए।
उल्लेखनीय है कि सोहिलपुर गांव का रवि जहां रहता है, उसके घर के सामने कुछ दलित परिवार रहते हैं। उनसे कुछ दिन पहले रवि का विवाद हो गया था। पुलिस ने उसी मामले में रवि को जेल दिया था। करीब 10 दिन पहले रवि जमानत पर रिहा होकर घर आया था। रवि के परिजनों का कहना है कि उसके बाद से कुछ लोग अक्सर रवि को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उन्ही लोगों ने रवि को मारकर उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका दिया। रवि के भाई ने बताया कि आरोपी गांव के ही रहने वाले हैं। दो लोगों को नामजद भी किया है, तब भी पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*