अब अनपढ़ नहीं रहेंगे गोवासा शेखपुरा के मांझी टोला के दलित बच्चे

विजय कुमार/राष्ट्रीय जनमोर्चा
पटना। पंडारक प्रखंड के गोवासा शेखपुरा के मांझी टोला दलित बस्ती में आज तक शिक्षा की अलख नहीं जली है और यहां रहने वाले करीब 40 महादलित परिवार बिना शिक्षा के हैं। चुनाव में लोग लालच देकर वोट तो ले लेते हैं पर किसी भी सरकार ने यहाँ विकास की किरण नहीं पहुंचाई। इस टोले में चाहे पुरुष हों या महिला, कोई पढ़ा नहीं है। एकमात्र एक युवक उत्तम मांझी अपने बलबूते इंटर तक पढ़ा और अभी बनारस जाकर मजदूरी कर अपना और परिवार का पेट पाल रहा है मगर इसके घर के भी लोग कोई पढ़ा-लिखा नहीं है। ऐसे में इस अनपढ़ टोले के बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए भामाशाह फाउंडेशन ने यहाँ के बच्चों को शिक्षित करने का बीड़ा उठाया है।
भामाशाह फाउंडेशन के समाजसेवी विजय कुमार ने दो दिन पहले महादलित टोले के बच्चों को एक-एक सलेट, मनोहर पोथी, लिखने के लिए चाक और पढ़ने के लिए एक ब्लैक बोर्ड दिया है। साथ ही उनको उत्साहित करने के लिए प्रतिदिन टॉफी बांटने के लिए व्यवस्था की है। साथ ही बच्चों की साफ-सफाई और देखभाल के लिए उनके माता-पिता को एक-एक साबुन भी दिया, ताकि नहा-धोकर बच्चे रोजाना पढ़े-लिखें।
विजय कुमार ने कहा कि वह बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था कर रह हैं और आगे भी करते रहेंगे। इन बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण होने के बाद इन बच्चों के उच्च शिक्षा की भी व्यवस्था की जाएगी और इसके लिए जो बच्चे पटना में रहकर पढ़ना चाहेंगे उनको पढ़ाने की व्यवस्था भी भामाशाह फाउंडेशन की ओर किया जाएगा। उनकी कोशिश होगी कि इस टोले के लोग भी अब पढ़ लिखकर अपने पैरों पर खड़े हो सकें और परिवार का भरण-पोषण अच्छे ढंग से कर सकें। समाज की विकास की धारा से जुड़ें। उन्होंने कहा, जो बच्चे मिडिल क्लास के बाद उच्च शिक्षा, मैट्रिक तक की शिक्षा और आगे भी पढ़ना चाहेंगे, उनको बढ़ाने की व्यवस्था भी की जाएगी। उनकी यथासंभव मदद की जाएगी। जरूरत पड़ी तो सरकार से भी इनकी मदद की गुहार वे लगाएंगे और इसके लिए उन्होंने पटना में शिक्षण संस्थान से बात भी कर ली है।
फाउंडेशन ने एक शिक्षक भी नियुक्त किया है जो प्रतिदिन इन बच्चों को महादलित टोले में आकर पढ़ाने का काम करेगा। इस व्यवस्था में इनका सहयोग गाँव के पुराने शिक्षक व मित्र सुधीर सिंह, सरस्वती विद्या मंदिर के शिक्षक उमेश कुमार तथा स्थानीय मुरारी ने दिया है। आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षक सुधीर सिंह ने करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी समाजसेवक विजय कुमार ने इसलिए ली है क्योंकि वे भी इसी गांव के हैं और उनके दिल में इस महादलित टोले के विकास की बात आई है। कार्यक्रम का समापन करते हुए स्थानीय युवक अवधेश कुमार ने सभी को धन्यवाद दिया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*