अर्जुन अवार्ड से सम्मानित होंगे डीएम सुहास एलवाई

नोएडा। चयन समिति ने आईएएस अफसर और नोएडा के जिलाधिकारी सुहास एलवाई को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना है। उनके अलावा 34 खिलाड़ी और शामिल हैं। जबकि पिछले साल इस पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों की संख्या 27 थी। एलवाई के अलावा क्रिकेटर शिखर धवन, पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल और ऊंची कूद के निषाद कुमार अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों में शामिल हैं। साथ ही ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्यों (पीआर श्रीजेश को छोड़कर) को भी अर्जुन पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा और पहलवान रवि दहिया को खेल रत्न पुरस्कार देने के लिए चुना गया है। नीरज चोपड़ा ओलंपिक खेलों में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। रवि दहिया ने टोक्यो ओलंपिक में खेलों में रजत पदक जीता था। देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए इस बार कुल 11 खिलाड़ियों को चुना गया है। चयन समिति ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, अनुभवी हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और महिला टेस्ट क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज के नाम को भी मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना। दिग्गज सुनील छेत्री इस सम्मान के लिए चुने गए देश के पहले फुटबॉलर बने।
पिछले साल पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया, जबकि 2016 रियो खेलों के बाद चार खिलाड़ियों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया था। टोक्यो पैरालंपिक (24 अगस्त से पांच सितंबर) में हिस्सा लेने वाले पैरा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी विचार करने के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा में विलंब किया गया। वहीं टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली निशानेबाज अवनि लेखरा और मनीष नरवाल, भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और बैडमिंटन खिलाड़ियों प्रमोद भगत और कृष्णा नागर को भी खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*