सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत 2306 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, एसीआईसी ने भी निभाई जिम्मेदारी

रेहाना अल्वी/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। नेहरू पार्क में श्रम विभाग की ओर से आयोजित ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के तहत सोमवार को 2306 जोड़ों के विवाह संपन्न कराए गए। इस आयोजन में गाजियाबाद, हापुड़ एवं बुलंदशहर के युवक-युवतियां शामिल हुए। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामूहिक विवाह समारोह में शामिल जोड़ों को वर्चुअल आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी सरकार द्वारा शुरू गई योजना के चलते सामाजिक समरसता बढ़ रही है। इसके अंतर्गत अब तक 1.75 लाख से अधिक गरीब कन्याओं के विवाह कराए गए हैं। यह योजना बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों और रूढ़िवादी परंपराओं पर अंकुश लगाने में कारगर सिद्ध हो रही है।
कमला नेहरूनगर में आयोजित कार्यक्रम में सोमवार को श्रमिकों के बेटियों की सामूहिक शादी कराई गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शामिल होना था। लेकिन व्यस्तता के चलते नहीं आ पाए। उन्होंने लखनऊ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल गाजियाबाद के मुख्य निदेशक रामानन्द सिंह भी इस आयोजन में शामिल रहे। संस्था के माध्यम से तीन जोड़े इस सामूहिक विवाह में मौजूद रहे। इनमें से दो कन्याएं हापुड़ और एक बेटी गाजियाबाद की शामिल रही।
उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीब कन्याओं के विवाह के लिए सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सरकार की प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब गरीब की बेटियों की शादी में होने वाले खर्च के डर से रिश्तेदार-नातेदार भी घबराते थे। किसी सरकार ने भी इस पर गौर नहीं किया, लेकिन अब गरीब कन्याओं की शादी के कार्ड प्रदेश के मंत्री, विधायक और अधिकारी बांट रहे हैं। पूरा समाज गरीब बेटियों की शादी में उत्साह के साथ सामूहिक विवाह के कार्यक्रमों में शिरकत करता है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा अक्टूबर 2017 से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित है। जिसके अन्तर्गत विभिन्न समुदाय और धर्मों के रीति-रिवाजों के अनुसार वैवाहिक कार्यक्रम सम्पन्न कराया जाता है। सोमवार, 15 नवंबर को जिला प्रशासन और श्रम विभाग की ओर से कमला नेहरू नगर गाजियाबाद में बनाए गए भव्य पंडाल में गाजियाबद के अलावा हापुड़ और बुलंदशहर के श्रमिकों की बेटियों की शादी कराई गई। सरकार की ओर से बिना किसी भेदभाव के सभी समाज की बेटियों की शादी में 51 हजार रुपये नकद और घर का सामान उपलब्ध कराए जाते हैं। सोमवार, 15 नवंबर के सामूहिक विवाह समारोह में गाजियाबाद के 1239 जोड़े, हापुड़ के 641 और बुलंदशहर के 426 जोड़े शामिल रहे। इनमें से 1488 हिंदू समुदाय, 812 मुस्लिम और 6 बौद्ध समुदाय के नव-विवाहित वर-वधू की शादी संपन्न कराई गई।
सामूहिक विवाह समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, प्रदेश श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला, राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, विधायक सुनील शर्मा, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा नेता नरेंद्र कश्यप, मेयर आशा शर्मा, महानगर मंत्री संयोजक पंडित गुंजन शर्मा, श्रम आयुक्त राजशेखर, डीएम राकेश सिंह, एसएसपी पवन कुमार और सीडीओ अस्मिता लाल समेत कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*