राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर पुलिस एक और कारानामा सामने आया है। इस बार थाना कल्याणपुर पुलिस की बर्बरता एक युवक शिकार हुआ है। चोरी के शक में हिरासत में लिए गए युवक जितेंद्र श्रीवास्तव उर्फ कल्लू को पुलिसकर्मियों ने जमकर पीटा। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घर पहुंचने के बाद युवक की हालत और बिगड़ने लगी तो परिजन सोमवार, 16 नवम्बर की रात अस्पताल ले जाने लगे, तभी जितेंद्र की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस हिरासत की पिटाई से मौत का आरोप लगाया है। लेकिन पुलिस ने जितेंद्र के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले वादी पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
कानपुर के थाना कल्याणपुर स्थित माधवपुरम में आईआईटी सोसाइटी निवासी जितेंद्र श्रीवास्तव उर्फ कल्लू (23) मुंबई में रहकर शटरिंग का काम करता था। दीपावली में घर आया था। पड़ोसी वाईएस दीक्षित ने दीपावली के दूसरे दिन जितेंद्र और उसके भाई कृष्णा उर्फ किन्ना पर चोरी की नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक रविवार, 14 नवंबर की दोपहर पुलिसकर्मी जितेंद्र को घर से उठा ले गए। रात करीब 10 बजे फोन आया कि उसको ले जाओ। जितेंद्र की बहन पूनम और मानसी थाने गईं और भाई को घर ले आईं। जितेंद्र बहुत डरा-सहमा था। बार-बार पेट में दर्द होने की बात कह रहा था। सोमवार की रात उसकी तबीयत और बिगड़ गई। परेशान परिजन उसको अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में जितेंद्र ने दम तोड़ दिया।
परिजन हंगामा करने लगे। उनका आरोप है कि पुलिस की पिटाई से जितेंद्र की मौत हुई है। यह हत्या का मामला है। डीसीपी पश्चिम बीबीजीटीएस मूर्ति, एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि पुलिस ने वाईएस दीक्षित पर हत्या का केस दर्ज किया है। गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। मामले में जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने पुलिस की इस मामले में कड़ी निन्दा की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि जल्द से जल्द दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए और उनकी गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाए। जबकि ‘कायस्थ उत्थान महासंघ’ के उप संयोजक एवं अनुशासन प्रमुख राजीव कुमार सक्सेना ने कहा है कि इस मामले में राजनीति नीति नहीं होनी चाहिए। यह जितेंद्र श्रीवास्तव की हत्या का मामला है। हम सभी कायस्थ परिवार इस घटना से शोक-संतृप्त व दु:खी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति पर अत्याचार नहीं होना चाहिए। वे इस घटना की कड़ी भर्तसना करते हैं।
राजीव सक्सेना ने कहा है कि जितेंद्र श्रीवास्तव और उसके परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पूरा कायस्थ समाज उनके साथ है। सभी राजनीतिक दलों के कायस्थ जनप्रतिनिधि को दलगत की भावना से ऊपर उठकर इस घटना का विरोध करना चाहिए और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए भरसक कोशिश करनी चाहिए।


Leave a Reply