राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। शक्ति खंड-4 इंदिरापुरम स्थित माय वर्ल्ड प्री स्कूल में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संविधान के बारे में जानकारी देना था। इस अवसर पर स्कूल की संस्थापक एवं प्रिंसिपल स्वीटी अग्रवाल के नेतृत्व में नन्हें मुन्ने बच्चों के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें स्कूल की अध्यापिकाओं और बच्चों ने भाग लिया। साथ ही बच्चों को खेल-खेल में भारतीय संविधान के बारे में बहुत सारी जानकारी दी गई। बच्चे बहुत खुश हुए।
स्वीटी अग्रवाल ने शुक्रवार, 26 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन भारतीय इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है। संविधान दिवस के अवसर पर हमें न सिर्फ स्वतंत्र भारत का नागरिक होने की अहसास होता है बल्कि संविधान में उल्लिखित मौलिक अधिकारों से हमें अपना हक मिलता है और साथ ही लिखित मूल कर्तव्यों से हमें नागरिक के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर की ऐतिहासिक तारीख को सन 1949 में भारत की संविधान समिति की तरफ से भारत के संविधान को स्वीकार किया गया था। लेकिन इसे 26 जनवरी 1950 को प्रभावी रूप से लागू किया जा सका। एक भारतीय नागरिक होने के नाते आपको समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार, संस्कृति एवं शिक्षा से संबंधित अधिकार मिले हुए हैं। यदि आप के किसी भी अधिकार का हनन होता है, तो आपको संवैधानिक उपचारों का भी अधिकार प्राप्त है। कार्यक्रम को सफल बनाने में निदेश्क अरुण कुमार व स्कूल के अन्य स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


Leave a Reply