राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर इंटरनेशनल हयूमन राइट्स यूनियन ने दिल्ली के कांस्टिट्यूशनल क्लब में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया। जिसमें देश की उन 15 हस्तियों को सम्मानित किया गया, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा एवं प्रशासनिक सेवा से जुड़े हुए हैं। इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी, दिल्ली विधानसभा के सभापति रामनिवास गोयल, न्यायमूर्ति राजेश टंडन, अल्पसंख्यक आयोग की न्यायमूर्ति जेस्सी कुरियन एवं डीसीपी राजीव रंजन उपस्थित रहे। सांसद सारंगी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा की विश्व को मानवाधिकार की अवधारणा भारत की देन है। हमारे देश के सभी आदि ग्रंथ में मानव के समानता और अधिकार की बात कही गई है। शिकागो के सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद ने भी नारी और पुरुष में समानता होने का संदेश समस्त विश्व को दिया था।
शुक्रवार, 10 दिसंबर को आयोजित सम्मान समारोह में जिन लोगों को उत्कृष्ट सेवा और अपनी सामाजिक जिम्मेवारी का अर्थपूर्ण निर्वहन करने के लिए सम्मानित किया गया, उनमें पद्मश्री जितेन्दर सिंह शंटी, भारतीय पुलिस सेवा के अजय चौधरी, कोल इंडिया के अधिकारी संजय, भारत सरकार के प्रोविडेंट फंड के ज़ोनल कमिश्नर अभय रंजन, थर्ड जेंडर की प्रिया सहनी, नेशनल ला इंस्टिट्यूट के पूर्व रजिस्ट्रार केएस भाटी, बंगलोर की समाजसेविका सुश्री इंदु, पंजाब के पीके गुप्ता, आगरा के संजय शर्मा, ग्लोबल इंडिया फाउंडेशन के नवीन कुमार, बिहार के डॉ वरुण कुमार, बीके मिश्रा, दिल्ली के डॉ वीके मोंगा, डॉ पंकज और संजय अग्रवाल शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने मानवीय मूल्य के संरक्षण पर जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोटी और रोजगार सभी की मूलभूत आवश्यकता है और इसके लिए आगे आकर काम करने की जरूरत है। दिल्ली सरकार उन सभी संस्थाओं का हर तरह से सहयोग करने को तैयार है जो मानवता के कार्य में नि:स्वार्थ रूप से लगी हुई हैं।
इंटरनेशनल हयूमन राइट्स यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव संदीप स्नेह ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि सम्मान समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर, अरुणाचल के पूर्व मुख्य सचिव एवं दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष रमेश नेगी, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के लीगल कंसल्टेंट एके सिंह, कैंसर कंट्रोल सोसाइटी के डॉ वीके सिंह, समाज सेविका सुश्री अनिता मुकीम, भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के ओपी शर्मा और संस्था के सदस्य मनोज सेठी, अतुल सेठ, युगल किशोर दिवेदी, ओपी सिंह, शिवेंदु, श्रीमती राजेश्वरी चंद्रन, श्रीमती अनिता चौधरी, श्रीमती सुनीता, श्रीमती पूजा गर्ग, श्रीमती शैवलीनि, विवेक उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।


Well Done Sir