विष्णु सक्सेना के खण्ड काव्य ‘सुनो राधिके सुनो’ का लोकार्पण

  • अमर भारती साहित्य संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में हुआ लोकार्पण व काव्य गोष्ठी का आयोजन
    राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

    गाजियाबाद। अमर भारती साहित्य संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में रविवार को विष्णु सक्सेना के खंड काव्य ‘सुनो राधिके सुनो’ का लोकार्पण व काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। नेहरु नगर स्थित गान्धर्व संगीत महाविद्यालय के सभागार में हुए कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों ने जहां ‘सुनो राधिके सुनो’ पुस्तक में वर्णित राधा कृष्ण के सात्विक प्रेम के विभिन्न रूपों पर अपने विचार रखे, वहीं गोष्ठी में कवियों ने राधा-कृष्ण के अप्रतिम प्रेम आधारित शानदार रचनाओं की प्रस्तुति से समां बांध दिया।
    रविवार, 12 दिसंबर को आयोजित लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता
    सुप्रसिद्व नवगीतकार जगदीश पंकज ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात गजलकार कमलेश भट्ट ‘कमल’ और विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन रहे। जगदीश पंकज ने काव्य गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि अनगिनत कवियों ने राधा-कृष्ण के सात्विक प्रेम के विभिन्न रूपों का अपने-अपने ढंग से काव्य रूप प्रस्तुत किया है। प्रत्येक साहित्यकार, कवि व आम व्यक्ति का अपना निजी अध्ययन, अनुभव व अभ्यास होता है और हर किसी ने अपनी सोच के अनुसार राधा कृष्ण के प्रेम की अभिव्यक्ति की है। उन्होंने कहा कि विष्णु सक्सेना की इस पुस्तक में उनकी अभिव्यक्ति बहुत ग्राह्य व यथार्थवादी जान पड़ती है। उन्होंने ‘सुनो राधिके सुनो’ में राधा कृष्ण संबंधों को मिथक व यथार्थ के बीच सेतु बनाने की कोशिश की है।
    इससे पूर्व जय प्रकाश द्विवेदी व वेद शर्मा वेद ने पुस्तक में वर्णित प्रेम के अलौकिक, दार्शनिक व लौकिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रेम के निःस्वार्थ समर्पण भाव को ही राधा कृष्ण के संबंधों का मूल आधार बताया। बतौर मुख्य अतिथि कमलेश भट्ट कमल ने राधा कृष्ण प्रेम के एकात्म स्वरूप को प्रतिबिंबित किया। उन्होंने कहा कि प्रेम के अनेक स्वरूप हैं लेकिन सबका मूल तत्व विश्वास व समर्पण ही है।
    कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन, विष्णु सक्सेना, डॉ पलक राज, डॉ प्रीति सक्सेना, कवि प्रवीण कुमार, अमर भारती संस्थान के अध्यक्ष डॉ रमेश कुमार भदौरिया आदि ने भी संबोधित किया। काव्य गोष्ठी में शायर जमशेद माहिर, कमलेश द्विवेदी फरुखाबादी, जगदीश पंकज, संजय शुक्ल, सुरेंद्र शर्मा, कमलेश भट्ट कमल, डॉ आरके भदौरिया ने काव्य पाठ किया। अमर भारती साहित्य संस्कृति संस्थान के महासचिव प्रवीण कुमार ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। इस अवसर पर डॉ वी.के. शेखर, अमरेंद्र कुमार राय, सुदामा पाल, विपिन जैन, वरिष्ठ छायाकार कुलदीप, रश्मि पाठक आदि साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*