समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने मनाया 73वां गणतंत्र दिवस

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। निठारी स्थति न्यू नोएडा पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्थान के लिए कार्यरत संस्था ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने बुधवार को 73वां गणतंत्र दिवस समारोह मनाया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने देश के बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि यह उन स्वतंत्रता सेनानियों को गहन कृतज्ञता के साथ याद करने का अवसर है, जिनके निस्वार्थ बलिदान से इस महान गणराज्य का जन्म हुआ। आइए आज हम अपने गणतंत्र की उपलब्धियों पर गर्व करते हुए एक शांतिपूर्ण और प्रगतिशील भारत के निर्माण की दिशा में खुद को समर्पित करने का संकल्प लें।
संस्था की राष्ट्रीय महासचिव एवं न्यू नोएडा पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य श्वेता त्यागी ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने 73वें गणतंत्र दिवस की सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि 26 जनवरी हमारे संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और सभी के लिए न्याय के पोषित सिद्धांतों में हमारे विश्वास की पुष्टि करने का एक उपयुक्त अवसर है। आज के ही दिन 1950 में हमारा संविधान लागू हुआ, लोकतंत्र की इतने वर्षों की गौरवशाली यात्रा में संविधान सतत मार्गदर्शक की भूमिका निभाता है। हम सभी को इसकी हर तरह से रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए।
समारोह में सभी ने राष्ट्रगान गाकर झंडे को सलामी दी। निठारी की प्रधान श्रीमती विमलेश शर्मा, पप्पू प्रधान, लाल सिंह, सुषमा अवाना, विद्यालय के अध्यक्ष शिवकुमार त्यागी, प्रधानाचार्य श्वेता त्यागी, अर्थ पैराडाइज की प्रधानाचार्य सुषमा अवाना, दिवाकर त्यागी, राहुल अवाना, पिंकी प्रधान, शर्मिष्ठा शाह, ज्योति त्यागी, पुनीत त्यागी, रोशन झा, राधारमण, विकास सक्सेना और विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं इस अवसर पर उपस्थित रहे।
मंच संचालन वंदना झा ने किया। उन्होंने जहां सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और स्कूल के बच्चों को 26 जनवरी के बारे में तमाम जानकारियों से अवगत कराया, वहीं श्रीमती विमलेश शर्मा और सुषमा अवाना ने संविधान में मिले अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही यह भी बताया कि संस्था द्वारा गरीब तबके के लोगों तक कैसे पहुंचा जा सकता है और पूर्ण रूप से समाज के कार्यों के लिए सदैव हम सभी को तत्पर रहना चाहिए। इस दौरान न्यू नोएडा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सांस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*