राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। शंभू दयाल (पीजी) कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का तीसरा एक दिवसीय शिविर आज संपन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक- सेविकाओं ने मां सरस्वती की वंदना की तथा लक्ष्य गीत का गान किया।
शिविर के प्रथम सत्र में स्वयंसेवक- सेविकाओं ने श्रमदान किया तथा महाविद्यालय के खेल प्रांगण की साफ-सफाई की। साथ ही महाविद्यालय प्रागंण के गमलों को सुसज्जित करने का कार्य कियागया। जलपान के उपरांत द्वितीय सत्र में स्वच्छता को लेकर एक रैली निकाली गई, जिसमें ‘भारत को स्वच्छ बनाना है ये हमने ठाना है’ ; ‘धरती पानी रखो साफ नहीं तो आने वाली पीढ़ी नही करेगी माफ़’ इत्यादि नारो के द्वारा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रैली घंटाघर, नई बस्ती होती हुई महाविद्यालय पर आकर समाप्त हुईl
प्राचार्य डॉ अखिलेश मिश्र ने विद्यार्थियों को श्रमदान एवं स्वच्छता का महत्व बताते हुए सामुदायिक कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया। भगवान बुद्ध चैरिटेबल ब्लड बैंक के हर्षित भाटिया ने रक्तदान के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर रीना शर्मा ने आगे होने वाले सात दिवसीय शिविर की रूपरेखा एवं उसमें होने वाले क्रियाकलापों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम अधिकारी प्रियंका गंगवार ने छात्र-छात्राओं को शिविर के महत्व के बारे में बताया। इस मौके पर डॉ कमलेश भारद्वाज, डॉ वीएस रॉय इत्यादि शिक्षक साथी उपस्थित रहे।


Leave a Reply