समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अधूरी शिक्षा पूरी कराने का लिया संकल्प

समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय महासचिव श्वेता त्यागी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। सामाजिक उत्थान को समर्पित संस्था ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने बच्चों का भविष्य संवारने के लिए ‘सक्षम शिक्षा सेंटर’ का शुभारंभ किया है। योजना के तहत जिन गरीब बच्चों की पढ़ाई आर्थिक तंगी के चलते बीच में छूट गई है या कोरोना महामारी में माता-पिता के निधन हो जाने से अधूरी रह गई है, उन बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर तथा प्राइवेट फॉर्म भरवाकर संस्था उनकी 10वीं और 12वीं तक की शिक्षा पूर्ण कराएगी। ऐसे बच्चों को शिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय महासचिव श्वेता त्यागी ने बताया कि जरूरतमंद बच्चों के लिए इसी नवरात्रि में नोएडा स्थित गेझा के न्यू नोएडा पब्लिक स्कूल और निठारी स्थित द अर्थ पैराडाइज स्कूल में दो सेंटरों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इन दोनों विद्यालयों में संस्था के द्वारा शुरू किए जा रहे ‘सक्षम शिक्षा सेंटर’ का संचालन क्रमश: श्वेता त्यागी और सुषमा अवाना करेंगी। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में संस्था द्वारा अन्य जिलों में भी ‘सक्षम शिक्षा सेंटर’ स्थापित किए जाएंगे, जिससे देश के गरीब और बेसहारा बच्चों को शिक्षित व आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन लगातार संस्था के तमाम सदस्यों व पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर इसकी कोशिश कर रहे हैं कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाया जाए। अशिक्षित व बेरोजगार लड़कियों व महिलाओं को प्रशिक्षित करने के लिए समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया जल्द ही सिलाई, कटाई, बुनाई, पेंटिंग्स व ब्यूटीशियन की भी कक्षाएं शुरू करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस सामाजिक कार्य में जो कोई भी सहयोग करना चाहता है, उसका संस्था स्वागत करेगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*