भजन संध्या कार्यक्रम में करंट लगने से युवक की मौत, आयोजकों सहित 6 के खिलाफ मामला दर्ज

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रताप विहार सेक्टर 11 के रामलीला पार्क चल रहे भजन संध्या कार्यक्रम के दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना गुरुवार, 26 मई की देर रात का है। गली नं- 2 सुदामापुरी चौकी गोविंदपुरी थाना मोदीनगर निवासी आकाश (22) बिजली ठेकेदार कृष्ण कुमार शर्मा के साथ गुरुवार की देर रात खाटू श्याम भजन संध्या में बिजली का कार्य करने आया था। रात करीब आठ बजे आकाश को करंट लग गया। आनन-फानन में मौजूद लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि आकाश को अस्पताल ले जाने में ठेकेदार और भजन संध्या कार्यक्रम के आयोजकों ने लापरवाही बरती, जिससे आकाश की देर रात मौत हो गई। बाद में आकाश के फूफा गौतम की तहरीर पर थाना विजयनगर पुलिस ने कार्यक्रम आयोजकों और बिजली ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक के अनुसार गौतम ने भजन संध्या के आयोजक सोनू गर्ग, दीपक चड्ढा, पवन कश्यप, प्रवीण सेठी मिंटू, नरेंद्र सिंह बिट्टू के अलावा ठेकेदार कृष्ण कुमार शर्मा को आकाश की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*