विजय कुमार श्रीवास्तव/ राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय सर्व समाज महासंघ ने सफदरजंग एनक्लेव स्थित सफदरजंग क्लब में एक बैठक कर कई नए पदाधिकारियों की घोषणा की। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रामकुमार वालिया ने वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को पत्रकार हितों की रक्षा के लिए ‘पत्रकार सर्व समाज विभाग’ का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। इसके अलावा उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता अजय अविनाशी को अधिवक्ता सर्व समाज का राष्ट्रीय संयोजक, राजकुमार रावल को सर्व समाज महासंघ का पश्चिम उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष एवं अनिल कुमार को सर्व समाज महासंघ के साउथ दिल्ली का जिलाध्यक्ष मनोनीत होने की घोषणा की है।
पांच लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य :
रविवार, 17 जुलाई 2022 की शाम आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए श्री वालिया ने कहा कि भारतीय सर्व समाज महासंघ (BSSM) आज भारत की सबसे बड़ी सामाजिक संस्था है। पूरे देश में अब तक ढाई लाख के करीब सदस्य बन गए हैं। सदस्यता अभियान निरंतर जारी है। उनका लक्ष्य इस वर्ष 500000 सदस्य बनाने का है। उन्होंने कहा कि महासंघ ने देश में चले कोरोना काल में एक लाख से भी अधिक लोगों को राशन किट देकर उनकी मदद की। इसी कड़ी में संस्था शीघ्र ही विभिन्न प्रदेशों के गरीब युवक-युवतियों का दिल्ली में सामूहिक विवाह कराने का एक कार्यक्रम आयोजित करेगी।
रामकुमार वालिया बने अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष :
श्री वालिया ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि महासंघ के अलग-अलग विभागों से जुड़े जिन नए पदाधिकारियों की आज घोषणा की गई है, उम्मीद है वे सभी संस्था को और मजबूती प्रदान करेंगे। साथ ही सर्व समाज के लोगों का उत्थान एवं विकास कराने में अपना पूर्ण सहयोग देंगे। बैठक में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकुमार वालिया को विश्व एनजीओ एसोसिएशन का अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर संस्था के सभी सदस्यों ने स्वागत किया। उन्हें बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
पत्रकारों का उत्पीड़न बंद हो :
‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से की गई बातचीत में वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा है कि पत्रकार व उनके परिवार के हितों के मद्देनजर वे देश के सक्रिय पत्रकार संगठनों व संस्थाओं से बातचीत कर उन्हें एक मंच पर लाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि महासंघ का उद्देश्य है कि पत्रकारों का उत्पीड़न बंद हो। पुख्ता खबरों पर काम करने वाले पत्रकारों को झूठे मुकदमें में फंसाकर परेशान न किया जाए। पत्रकारों को न्याय के लिए एक विधि विभाग के गठन की प्रक्रिया पर भी काम शुरू कर दिया गया है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे अधिकतर पत्रकार :
सीनियर जर्नलिस्ट बच्चन ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या आज इस बात की है कि देश के अधिकतर पत्रकार कोरोना संकट काल के बाद से आर्थिक तौर पर बहुत टूट चुके हैं। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर उनकी चिंता पहले से कहीं अधिक बढ़ी है और असुरक्षा की भावना है। उनका प्रयास होगा कि सरकार के साथ तालमेल बिठाकर पत्रकारों को अधिक से अधिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
मुख्य रूप से रहे उपस्थित :
बैठक में हस्तनापुर के मठाधीश बाबा भूतनाथ, भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी प्रमोद पहलवान, राष्ट्रीय संगठन सचिव चौधरी संजय कुमार, भारतीय नमो संघ के अध्यक्ष मनोज तोमर, गीता रौतेला, भारतीय किसान संघ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह, वरिष्ठ समाज सेवी अजय अविनाशी, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय निदेशक विजय कुमार श्रीवास्तव, संदीप गुड़ियाल, श्रीमती सुनीता शर्मा, सुनील कुकरेजा, अतुल भारद्वाज, अरविंद गुप्ता, दीपक जैन, सरदार बलजीत सिंह, श्रीमती भूपेंद्र कौर, अशोक पोपली, श्रीमती कमलेश पोपली, बिजेंद्र कोटला, अविनाश जायसवाल आदि गणमान्य उपस्थित रहे।


Leave a Reply