पार्थ मित्तल / राष्ट्रीय जनमोर्चा
गौतमबुद्धनगर। नोएडा के सेक्टर 93बी स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में एक महिला से अभद्रता करने के आरोप में गिरफ्तार श्रीकांत त्यागी के पक्ष में रविवार को गेझा गांव के रामलीला मैदान में हुई त्यागी समाज की ‘महापंचायत’ शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हो गई। समाज ने मुख्यमंत्री को संबोधित डीएम को 14 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि वह इसके लिए 15 दिन की मोहलत दे रहे हैं। त्यागी समाज ने श्रीकांत त्यागी पर से गैंगस्टर हटाने, गाड़ियां वापस करने, छह लड़कों पर दर्ज मुकदमा खत्म करने, अनु त्यागी को कस्टडी में लेने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने, फ्लैट के बाहर तोड़े गए निर्माण को दोबारा बनवाने और सांसद महेश शर्मा को पार्टी से निष्कासित करने आदि की मांग की है।
21 अगस्त को हुई महापंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों जैसे गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ से समुदाय के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। भारतीय किसान यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने महापंचायत में 15 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा किया है। पंचायत में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डा.महेश शर्मा पर जनविरोधी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाया गया। साथ ही राजपूत उत्थान सभा के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर धीरज सिंह ने अपने समाज की ओर से गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा पर कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ त्यागी समाज को समर्थन देने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि महापंचायत के माध्यम से मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में कई मांगों का जिक्र है। डॉ महेश शर्मा की बहुत कम समय में अनाप-शनाप संपत्ति व अस्पतालों के लिए किए गए अतिक्रमण से संबंधित जांच की मांग भी की गई है। उन्होंने नोएडा पुलिस आयुक्त को गाली देकर अपनी असभ्यता का प्रदर्शन किया है। इसके लिए उन्होंने डॉ महेश शर्मा पर एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है जिस पर कार्रवाई नहीं की गई है।


Leave a Reply