शिक्षक दिवस पर आईटीआई हबीबपुर में छात्रों ने शिक्षकों को किया सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 3 स्थित आईटीआई हबीबपुर में सोमवार को महान शिक्षाविद् डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में बड़ी धूमधाम से मनायी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उनके बताए गए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। गुरुजनों को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया एवं विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं आईटीआई के शिक्षकों ने बच्चों को आशीर्वाद देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
मनोज झा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। पहली बार शिक्षक दिवस वर्ष 1962 में मनाया गया था, जब डॉ. सर्वपल्लीप देश के राष्ट्रपति चुने गए थे। उनके बताए रास्ते पर देशवासियों ने चलने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक वह नहीं जो विद्यार्थियों के दिमाग में तथ्यों को जबरन ठूंसे बल्कि वास्तविक शिक्षक वह है जो उसे आने वाले कल की चुनौतियों के लिए तैयार करें।
अनुदेशक कुलदीप मौर्या ने बताया कि डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के पहले उप-राष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति रहे। वे भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद, महान दार्शनिक थे। उनके इन्हीं गुणों के कारण सन् 1954 में भारत सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया था। कार्यक्रम में मोहनलाल, अभिषेक, गौरव, कुन्दन, पवन आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*