राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में 12 नवंबर 2022 को श्रीमती प्रिया वर्मा, जसविंदर कौर एवं दीक्षा शर्मा के दिशा-निर्देशन में प्रातः 8:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक विद्यालय के वार्षिक मेले (यूफोरिया) का आयोजन किया गया। सुबह करीब आठ बजे से ही विद्यालय प्रांगण में शिक्षकों और विद्यार्थी वॉलिंटियर्स की चहलकदमी शुरू हो गई थी। सभी हाउस आकाश, अग्नि, पृथ्वी एवं वायु के साथ-साथ अन्य विभाग के विद्यार्थी और शिक्षक अपनी-अपनी स्टॉल्स को सुसज्जित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे थे।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना तथा मुख्य अतिथि बी.के. जोशी (लोकपाल सचिव इंश्योरेंस), विद्यालय प्रबंधक अमित सिन्हा, निदेशक पंकज जोशी, विशिष्ट अतिथि प्रियंक जोशी एवं सम्मानित अतिथि डॉ.शिल्पी गर्ग (एस.एम.सी.सदस्य) के स्वागत सम्मान के साथ हुई। मेले का आयोजन विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों के मनोरंजन को ध्यान में रखकर किया गया था। बाहरी सदस्यों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहा।
सुविधा के लिए रुपये को टोकन में किया परिवर्तित :
विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को कोई असुविधा न हो और सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए विद्यार्थियों को तीन अलग-अलग समय अंतराल में बुलाया गया था। यू.के.जी. फ्लावर से कक्षा-2 तक के विद्यार्थियों का समय प्रातः 9:00 से 12:00 बजे तक का था। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों के लिए दोपहर 12:30 से 3:30 तक का समय निश्चित किया गया था। तीसरी कक्षा से सातवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों के लिए शाम 4:00 से 7:00 का समय रखा गया था। मेले में रुपयों का प्रयोग पूरी तरह वर्जित था। रुपयों को टोकन में परिवर्तित करने के लिए भी एक पूरी टीम विधिवत कार्य कर रही थी।
शानदार वेशभूषा में दिखे अभिभावक :
प्रात 9 बजे से ही इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल का प्रांगण में लगे हर स्टॉल पर नन्हे-मुन्ने और उनके सजे-धजे अभिभावक खेलों और खान-पान का आनंद उठाते देखे गए। अधिकतर अभिभावक राजस्थानी, हरियाणवी और गुजराती सेल्फी कॉर्नर में सेल्फी लेने में व्यस्त दिखे। भेलपुरी, पापड़ी चाट, स्टफ गोलगप्पा पानी के बताशे, पिज़्ज़ा, कुल्चा, आइसक्रीम, कुल्फी के अलावा बच्चे चित्रकारी, डांस और रैंप वॉक सभी का आनंद ले रहे थे। करीब साढ़े बारह बजे से प्रांगण में सीनियर बच्चों की भीड़ जमा होने लगी, जिनके स्वाद और रुचि एकदम अलग देखने को मिली। अभिभावक इनके साथ नहीं थे और ये बच्चे अधिकांश खेलों में रुचि लेते देखे गए।
शिक्षकों से मोलभाव करते नजर आए बच्चे :
शाम के समय कक्षा 3 से 7 वाले बच्चों की भीड़ थी। जिन के साथ दोबारा से अभिभावक दिखाई दिए। इस समय बच्चे अभिभावकों को नई- नई जगहों पर ले जा रहे थे। साथ ही दोस्तों और अध्यापिकाओं से मिलवाने का सिलसिला भी चल रहा था। बीच-बीच में बच्चों की सुरक्षा, सफाई और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन समिति का दौरा जारी रहा। कई जगह बच्चे और महिलाएं समूह बनाकर फोटो खिंचवाते नजर आए। स्कूल के स्टेज से प्रत्येक हाउस के स्टॉल्स पर उपलब्ध चीजों तथा आवश्यक जानकारियों की लगातार घोषणा हो रही थी। बच्चे अपने ही शिक्षकों से मोल-भाव करते नजर आ रहे थे और अपनी मनचाही चीजों का आनंद ले रहे थे। बीच-बीच में विद्यालय की प्रबंधन समिति तथा कनिष्ठ एवं वरिष्ठ संचालिकाएं लगातार घूम-घूमकर व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सुरक्षा का अवलोकन कर रहे थे।
शाम 6:30 बजे लकी ड्रॉ हुआ। अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया। उसके बाद विद्यालय की वरिष्ठ संचालक श्रीमती कल्पना सीज़ो ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों का धन्यवाद किया और इसी के साथ यूफोरिया-2022 का समापन हो गया।


Leave a Reply