राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में सी.बी.एस.ई. द्वारा (कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम) विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शनिवार को समापन हो गया। कार्यशाला का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ था। पहले दिन पूर्व प्राथमिक और प्राथमिक कक्षाओं के शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यशाला में नई शिक्षा पद्धति के अंतर्गत 21वीं शताब्दी के लिए आवश्यक कौशलों के विकास एवं विद्यार्थियों के लिए व्यक्तिगत अभिरुचियों को पहचानने एवं विकास हेतु जरूरी सुझाव और रणनीति बताई-समझाई गईं। विशेषज्ञ बीना नायर ने कार्यशाला में बड़े ही रोचक तरीके से शिक्षा व विद्यार्थियों से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
आज शनिवार, 3 दिसंबर को दूसरे दिन सुबह आठ बजे ईश्वर वंदना एवं पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्यशाला का आरंभ किया गया, जिसमें कक्षा 6 से कक्षा 12 तक के शिक्षकों ने भागीदारी की। विशेषज्ञा बीना नायर ने नई शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन तथा 21वीं सदी की कौशल विकास के लिए नई शिक्षण रणनीतियों को बड़े ही रोचक ढंग समझाते हुए अनेक रोचक गतिविधियों एवं क्विज के माध्यम से सभी शिक्षकों को अंत तक बांधे रखा। शिक्षकों को विभिन्न रोचक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने हेतु कुछ पुरस्कार भी रखें। कार्यशाला के अंत तक सभी शिक्षक विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभागिता के लिए उत्साहित रहे।
विद्यालय निदेशक पंकज जोशी एवं प्रबंधक अमित सिन्हा ने विशेषज्ञ बीना नायर को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। दोपहर करीब दो बजे विद्यालय की वरिष्ठ समन्वयिका श्रीमती कल्पना सीज़ो ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सदस्यों को धन्यवाद प्रेषित कर प्रमाण पत्र वितरित किए और इसी के साथ कार्यशाला का समापन कर दिया गया।


Leave a Reply