गुजरात में चली मोदी लहर, रिकार्ड बहुमत, 12 होगा शपथ ग्रहण

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को रिकार्ड बहुमत मिला है। लेकिन कांग्रेस का पिछली बार से भी खराब प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। खबर लिखने तक भाजपा 157, कांग्रेस 16, आम आदमी पार्टी 5 और अन्य 4 सीटों पर आगे चल रहे थे। लेकिन अब यह साफ हो गया है कि गुजरात में भाजपा की सरकार बनेगी और 12 दिसंबर को शपथ ग्रहण की घोषणा भी कर दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में भाजपा सबसे बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। कुल 182 सीटों में वह 157 पर आगे चल रही है। कांग्रेस 16 सीटों पर सिमटती दिख रही। जबकि आम आदमी पार्टी सूबे में खाता खोल सकती है। उसे चार सीटों पर बढ़त है और 4 पर अन्य आगे हैं। लोगों का कहना है कि गुजरात में मोदी लहर चली है वरना 2017 के विधानसभा चुनाव में बमुश्किल अपनी सत्ता बचा पाने वाली भाजपा पांच साल बाद उसे यह अभूतपूर्व कामयाबी कैसे मिल सकती है।
गुजरात में इस बार भाजपा वाकई सबसे बड़ी जीत का नया रेकॉर्ड बनाने जा रही है। आपको याद होगा कि 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में कांग्रेस ने 149 सीटें हासिल की थीं जो कि सूबे में किसी भी पार्टी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था लेकिन इस बार मोदी की कुछ ऐसी लहर चली कि सोलंकी का रेकॉर्ड भी ध्वस्त होने को है। इस बार राज्य में जितने भी वोट पड़े, उनमें से आधा से ज्यादा भाजपा के पक्ष में गए। वोटशेयर 52 प्रतिशत से भी ज्यादा है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*