एमसीडी चुनाव : 134 सीटों के साथ आप को मिला बहुमत, भाजपा को 104 और कांग्रेस को महज 9 सीटें

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने जीत दर्ज कर बहुमत हासिल कर लिया है। पिछले 15 साल से दिल्ली नगर निगम पर भाजपा का शासन था, जिस पर आप ने झाड़ू चला दिया। आम आदमी पार्टी को 134 सीटें मिली हैं, जबकि भाजपा को 104 और कांग्रेस महज 9 ही सीटें जीत पाई है। तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।
अबुल फजल से कांग्रेस उम्मीदवार अरिबा खान ने जीत हासिल की है। उनके पिता आसिफ खान चुनाव के दौरान पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के आरोप में जेल में बंद हैं। कांग्रेस ने जाकिर नगर सीट भी अपने कब्जे में कर ली है। दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूरबस्ती में भाजपा ने तीनों सीटें सरस्वती विहार, पश्चिम विहार और रानी बाग जीत ली हैं। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए लिखा है, “दिल्ली एमसीडी में आम आदमी पार्टी पर भरोसा करने के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार… दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे नेगेटिव पार्टी को हराकर दिल्ली की जनता ने कट्टर ईमानदार और काम करने वाले अरविंद केजरीवाल को जिताया है। हमारे लिए ये सिर्फ़ जीत नहीं बड़ी ज़िम्मेदारी है।”
उधर भाजपा नगर निगम का दुर्ग बचाने में असफल रही। पिछले 15 वर्षों से पार्टी का निगम में शासन था। पार्टी के नेताओं को चौथी बार भी सत्ता मिलने की उम्मीद थी, इसके लिए पूरा जोर लगाया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्रियों के साथ अन्य बड़े नेता चुनाव प्रचार में उतरे लेकिन सत्ता विरोधी लहर से पार्टी को नहीं उबार सके। पार्टी का मत प्रतिशत से पिछले चुनाव की तुलना में लगभग तीन प्रतिशत की बढ़ोतररी हुई है लेकिन सीटों का भारी नुकसान हुआ।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*