दिल्ली : अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में जौनपुर की श्रुति यादव का चयन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। जौनपुर की बेटी श्रुति यादव ने संघर्ष, परिश्रम, लगन, मेहनत और निष्ठा के आधार पर अपना वह लक्ष्य हासिल कर लिया है, जिसकी उसे वर्षों से तलाश थी। श्रुति का चयन दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ की अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में हो गया है। यह खबर मिलते ही जौनपुर में भी खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों ने चयन का जश्न केक काटकर मनाया।
उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर की केराकत तहसील के डोभी ब्लॉक स्थित ग्राम इटहरा की श्रुति यादव परिवार के साथ दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही है। श्रुति के बड़े ताऊ शिक्षक व स्वतंत्र पत्रकार डॉ आरसी यादव ने बताया कि श्रुति का दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ की अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में चयन उसके नियमित अभ्यास और लगन का सुखद परिणाम है। इस सफलता को पाने के लिए श्रुति पिछले एक महीने से 10 से 12 घंटे तक कठिन परिश्रम कर रही थी। दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ द्वारा फिरोजशाह कोटला मैदान, दिल्ली में आयोजित कैंप में श्रुति 24 नवंबर से शामिल हो रही थी साथ ही अपने कोच मदन सर की देखरेख में कठिन अभ्यास कर रही थी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित कैंप के प्रथम चरण में कुल 60 लड़किया का चयन हुआ था, जिसमें से शीर्ष 15 खिलाड़ियों का चयन होना था। श्रुति के कोच वही हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शिखर धवन को कोचिंग दी है। यादव ने बताया कि श्रुति को परिवार का भी पूरा सहयोग मिला। पिता रामजीत यादव व्यक्तिगत रूप से बेटी श्रुति को बैटिंग और कैच पकड़ने का नियमित अभ्यास कराते रहे। खुद श्रुति ने इस सफलता का श्रेय अपने कोच मदन सर, वाशु सर, दर्शन सर, सुरेश सर, योगेश सर और ग्राउंड स्टाफ अर्जुन भईया को दिया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*