राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के कर्तव्यपथ पर 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के लिए आज 23 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। इस अवसर पर जांबाजों ने एक से बढकर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। राष्ट्रीय राजधानी में फुल ड्रेस रिहर्सल परेड सोमवार की सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू हुई और बाद में लाल किले की ओर बढ़ गई। लोगों ने शानदार प्रदर्शन देखा।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस समारोह में केवल तीन दिन अब शेष हैं। सूत्रों की मानें तो भारतीय वायु सेना के गरुड़ विशेष बल पहली बार परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर मार्च करेंगे। देश इस अवसर पर विशेष बलों और भारत में निर्मित मिसाइल शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं यह पहली बार है कि मिस्र के राष्ट्रपति को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
स्क्वाड्रन लीडर पीएस जैतावत भारतीय वायु सेना दल के हिस्से के रूप में गरुड़ टीम का नेतृत्व करेंगे और स्क्वाड्रन लीडर सिंधु रेड्डी आकस्मिक कमांडर होंगी।
मिस्र की सेना की एक सैन्य टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगी। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड में कुल 23 झांकियां शामिल होंगी, जिनमें 17 झांकियां विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की और छह विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों की होंगी। खास बात यह कि इस बार सभी झांकियों की थीम अलग-अलग रहेगी। लेकिन हिमाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान और दिल्ली की झांकी इस बार परेड में नजर नहीं आएंगी।


Leave a Reply