खुर्जा में भाजपाईयों ने मनाई बाबा साहेब की जयंती

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। शुक्रवार को पूरे देशभर में संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। इसी कड़ी में खुर्जा में भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम रखा, जिसमें शहर के सभी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे को बधाइयां दीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पवन गौतम, राम दिवाकर, सुदेश बाल्मीकि, कौशल मौर्य, अशोक गौतम, डीसी गुप्ता आदि मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई जाती है। संविधान के निर्माता को दुनिया बाबा साहेब डॉ. बी. आर. अंबेडकर के नाम से जानती है। 1891 में इसी दिन मध्य प्रदेश के महू में बाबा साहेब का जन्म हुआ था। निचली जाति से तालुक रखने वाले अंबेडकर को जन्म के बाद से ही सामाजिक तौर पर जातिगत भेदभाव सहना पड़ा। दलितों, कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए बाबा साहेब ने बहुत संघर्ष किया।
बचपन से मेधावी छात्र रहे बाबा साहेब अंबेडकर न्यायविद, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक के रूप में पहचाने जाने लगे। जाति व्यवस्था का दंश झेल चुके बाबा साहेब अंबेडकर ने समाज में हर तबके को समानता दिलाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी। वह भारत के पहले कानून मंत्री बनाए गए। भारत रत्न से सम्मानित बाबा साहेब अंबेडकर के अनमोल विचार आज भी युवाओं को प्रेरित करते हैं, इसीलिए अंबेडकर जयंती को समानता दिवस के रूप में मनाया जाता है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*