राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
-समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के दिल्ली प्रदेश प्रभारी अभिजीत श्रीवास्तव को जरूरतमंदों ने बताया मसीहा
छपरा कार्यालय। भयानक ठंड व सर्द हवाओं के थपेड़ों से जूझ रहे गरीब, मजदूर, मरीज व जरूरतमंदों की पीड़ा समझने और उन्हें बचाने के लिए अभिजीत श्रीवास्तव उनके मसीहा बन गए। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के दिल्ली प्रदेश प्रभारी व अभिन्नोवेशन ग्रुप दिल्ली के प्रमुख अभिजीत श्रीवास्तव की यह पहल स्वयं सड़कों पर निकल कर रात के अंधेरे में खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर लोगों के लिए किसी उम्मीद की किरण से कम नहीं थी। रेलवे स्टेशन और अस्पतालों में जाकर बेसहारा, वृद्ध, महिला एवं जरूरतमंदों के बीच गुणवत्ता-पूर्ण कंबलों का वितरण किया।
ठंड से ठिठुरते हजारों लोगों के चेहरों पर कंबल पाकर जो सुकून और राहत दिखाई दी, वह इस मानवीय प्रयास की सार्थकता को स्वयं बयान कर रहा था। कई लोगों की आंखों में संतोष और कृतज्ञता के भाव थे। कई जरूरतमंदों ने कहा कि इस भयानक ठंड में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के टीम द्वारा की गई उनकी यह मदद उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने अभिजीत श्रीवास्तव की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया है।
कई संस्थाओं का सामूहिक प्रयास :
उल्लेखनीय है कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के साथ-साथ कायस्थ परिवार छपरा–सारण, मिशन 2 करोड़ चित्रांश इंटरनेशनल एवं अभिन्नोवेशन ग्रुप दिल्ली की संयुक्त टीम द्वारा समाजसेवी अभिजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में कचहरी जंक्शन, गांधी चौक, मौना चौक, कटहरी बाग, सोनारपट्टी, हथुआ मार्केट, सदर अस्पताल आश्रय स्थल एवं पीर बाबा क्षेत्र में सड़क किनारे रह रहे असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। रविवार को इस कार्यक्रम का समापन हो गया। इस अवसर पर समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष कमल किशोर सहाय, आशीर्वाद मार्केट कॉम्प्लेक्स छपरा के व्यवसायी मुकेश कुमार, असलम खान एवं गोलू खान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सहभागिता और योगदान का आभार :
कायस्थ परिवार छपरा–सारण के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा ‘मिंटू’ , महिला विंग की अध्यक्ष सुनीता विवेक, संगठन के प्रवक्ता आनंद विवेक तथा मिशन 2 करोड़ चित्रांश इंटरनेशनल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिलेश्वर माधव ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभिन्नोवेशन ग्रुप के प्रबंधक एवं कर्मचारी अखंड प्रताप सिंह, सौरभ तिवारी, दीपक कुमार, शरद राजपूत, रविंद्र राय एवं सुनील कुमार ने भी पूरे समर्पण भाव के साथ सेवा कार्य में योगदान दिया।
आगे भी जारी रहेगा अभिनव प्रयास :
युवा समाजसेवी अभिजीत श्रीवास्तव ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्तियों को उनकी मदद करना ही उनके अभियान का मूल उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जितनी सहायता की जाए, वह कम है। इसलिए यह सेवा प्रयास आगे भी जारी रहेगा। साथ ही सभी सहयोगी संगठनों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।


Leave a Reply