राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। बसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस ने वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप सरदाना को ‘पत्रकार भूषण’ व हिंदी दैनिक हिन्द आत्मा के संपादक अशोक कौशिक को ‘पत्रकार गौरव’ सम्मान से नवाजा है। दोनों विभूतियों को 21वें साहित्यकार-पत्रकार सम्मान समारोह के अवसर पर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष व पद्मभूषण श्री रामबहादुर राय एवं मेवाड़ ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया व निदेशक अलका अग्रवाल ने उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए अवार्ड प्रदान किए।
कार्यक्रम में जाने-माने साहित्यकार प्रो. अनिल राय को ‘साहित्यकार भूषण’ और वरिष्ठ पत्रकार आलोक द्विवेदी, आशुतोष गुप्ता व डॉ महकार सिंह को भी पत्रकार गौरव सम्मान से नवाजा गया। वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय ने इस अवसर पर कहा- ‘’पंडित मदन मोहन मालवीय सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के बड़े व्यक्तित्व थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ शिक्षा, समाज सेवा और पत्रकारिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए।”

प्रदीप सरदाना ने पंडित मालवीय के कई असाधारण कार्यों को उल्लेख करते हुए, एक आदर्श और श्रेष्ठ पत्रकार के पांच मूल मंत्र भी बताए। उन्होंने कहा- ‘’पत्रकारिता का सबसे बड़ा सिद्धांत यह है कि जो भी लिखा या बोला जाए, उसके तथ्य पूरी तरह सही होने चाहिए। इसलिए समाचार में प्रामाणिकता सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी के साथ हर अच्छे पत्रकार को कर्मठता, निष्पक्षता, निष्कपटता और निर्भीकता के साथ कार्य करने चाहिए, तभी पत्रकार के साथ उनके मीडिया संस्थान की भी विश्वसनीयता बनेगी।”


Leave a Reply