राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
– मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सत्यनारायण जटिया ने किसी पत्रकार के साथ कबीर का नाम जुड़ना ‘पत्रकारिता’ की निष्पक्षता को बताया सबसे बड़ा प्रमाण
गाजियाबाद। अखिल भारतीय कबीर मठ राजस्थान ने गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार ‘भारत गौरव’ जितेन्द्र बच्चन को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘कबीर कोहिनूर अवार्ड – 2025’ से सम्मानित किया है। शुक्रवार, 11 जुलाई को आयोजित भव्य सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सत्यनारायण जटिया, विशिष्ट अतिथि स्वामी सम्पूर्णानंद महाराज, बौद्ध धर्म गुरु भंते प्रज्ञासार जी, जैन धर्म गुरु विवेक मुनि महाराज एवं मठ के श्री महंत भारत भूषण डॉ. नानक दास के करकमलों द्वारा श्री बच्चन को ‘उत्कृष्ट पत्रकारिता’ के लिए अलंकृत किया गया।
मुख्य अतिथि श्री जटिया ने इस अवसर पर कहा कि किसी पत्रकार के साथ कबीर का नाम जुड़ना ‘पत्रकारिता’ की निष्पक्षता का सबसे बड़ा प्रमाण है। जितेन्द्र बच्चन को हम लगभग 26 वर्ष से जानते हैं। हमेशा निष्पक्ष और खोजपरक खबरों को महत्व देते रहे हैं। कई समाचार पत्रों में बड़े पदों पर रहे लेकिन कभी अहम नहीं आया। आज हमें जितेन्द्र जी को कबीर सर्वोच्च सम्मान ‘कोहिनूर अवार्ड’ से सम्मानित करते हुए गर्व महसूस हो रहा है।

विशिष्ट अतिथि के तौर पर स्वागत :
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कबीर मठ सदगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान बड़ी खाटू, नागौर, राजस्थान में आयोजित दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम में देश की जानी-मानी 100 महानविभूतियों को उनकी उत्कृष्टता के लिए अलग-अलग विषय में ‘कबीर कोहिनूर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। इससे पहले सतगुरु कबीर साहब की 628वीं जयंती पर बड़ी खाटू में भारत में प्रथम विश्व शांति कबीर कीर्ति स्तंभ का शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम में जितेन्द्र बच्चन समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हैसियत से बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। कबीर मठ ने उनका स्वागत-सत्कार किया।
समाज को दी नई दिशा:
श्री महंत भारत भूषण डॉ. नानक दास के अुनसार, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संत कबीर की अमर वाणी को समर्पित ‘कबीर कोहिनूर अवार्ड- 2025’ का दो दिवसीय आयोजन इस बार वीरों की भूमि बड़ी खाटू (राजस्थान) में किया गया। यह सम्मान समारोह उन विशिष्ट अतिथियों को समर्पित रहा, जिन्होंने पत्रकारिता, साहित्य, कला, संगीत, समाजसेवा और शिक्षा के रचनात्मक कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी है।
दिव्य एवं भव्य समारोह के बने गवाह :
उन्होंने बताया कि इससे पहले कबीर कोहिनूर अवार्ड अखिल भारतीय कबीर मठ, सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान राजस्थान द्वारा देश की महानविभूतियों को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाता रहा है। इस बार यह राजस्थान में वीरों की भूमि पर किया गया। कार्यक्रम में देवरी धाम पीठाधीश्वर महंत श्री रामायादास जी महाराज, जैन धर्म गुरु आचार्य विवेक मुनि जी महाराज, स्वामी सम्पूर्णानंद जी महाराज, कुरुक्षेत्र, हरियाणा, बौद्ध धर्म गुरु भंते प्रज्ञा सर उपाध्याय, अध्यक्ष, भारतीय बौद्ध धर्म समिति, महंत डॉ. रूपचंद जी महाराज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आरोग्य भारती एवं श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी महाराज के प्रतिनिधि, कमिश्नर डॉ. आरडी रेवाला, रेलवे व कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी औरी गणमान्य इस भव्य व दिव्य समारोह के गवाह बने।
गरिमामय और अविस्मरणीय बनाया :
सद्गुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान, बड़ी खाटू, जायल, राजस्थान के संस्थापक अध्यक्ष महंत नानक दास जी महराज ने सभी अवार्डियों को हृदय की गहराइयों से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आपने अपने अमूल्य समय और स्नेहिल उपस्थिति के साथ हमारे द्वारा आयोजित ‘कबीर कीर्ति स्तंभ शिलान्यास सह कबीर कोहिनूर सम्मान समारोह’ को गरिमामय और अविस्मरणीय बनाया। यह आयोजन, जो संत शिरोमणि कबीर साहेब के विचारों और उनके द्वारा दिखाए गए मानव कल्याण, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के मार्ग को समर्पित था, आपकी उपस्थिति से और भी विशेष बन गया। एक बार पुनः आपकी गरिमामयी उपस्थिति और सहयोग के लिए हम हृदय से आभारी हैं। हम आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हैं।


Leave a Reply