कायस्थ परिवार डॉ. राजेंद्र प्रसाद जयंती पर चित्रांश प्रतिभाओं को करेगा अलंकृत

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
छपरा कार्यालय। संस्कृति, संगठन और स्वाभिमान का प्रतीक ‘कायस्थ परिवार’ देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती इस वर्ष भव्य तरीके से मना रहा है। इसके लिए विभिन्न चित्रांश संगठनों के संयुक्त प्रयास से तैयारी शुरू कर दी गई है। रविवार को इसी दिशा में कायस्थ परिवार के उपाध्यक्ष कमल किशोर सहाय के आवास पर सर्व समिति चित्रांश एकता परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें सुनिश्चित किया गया कि डॉ रजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती के अवसर पर देश-विदेश की कायस्थ प्रतिभाओं को अलंकृत किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कायस्थ परिवार छपरा-सारण के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा उर्फ मिंटू ने की। उन्होंने सभी संगठनों को साथ लेकर कार्यक्रम को एक बड़े स्तर पर आयोजित करने की बात कही और एकजुटता व सामूहिक प्रयास को समारोह की सफलता की कुंजी बताया। बैठक में चित्रगुप्त सेवा समिति, चित्रांश समिति, मिशन 2 करोड़ चित्रांश इंटरनेशनल, कायस्थ चित्रगुप्त सेना सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा सभी समितियों के सामूहिक सहयोग से आगामी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद जयंती सह चित्रांश सम्मान 2025 समारोह को भव्य, अनुशासित और यादगार रूप देने पर केंद्रित रहा।
कायस्थ परिवार के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ विद्या भूषण श्रीवास्तव ने बैठक में कहा कि सभी चित्रांश संगठनों एवं समितियों से जुड़े चित्रांश बंधुओं को लेकर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी सुझावों एवं मंतव्य को एक सूत्र में बांधते हुए जहां अपनी प्रतिक्रिया दी, वहीं उपाध्यक्ष कमल किशोर सहाय ने कहा कि सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने यह भी बातया कि 5 दिसंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में इस बार देश की कई नामी-गिरामी हस्तियां भाग लेंगी।
कायस्थ परिवार के मुख्य संयोजक अभिजीत श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बाहर से आने वाले विशिष्ट अतिथियों की जानकारी दी तथा आयोजन को राष्ट्रीय स्तर का बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि देश–विदेश से अनेक गणमान्य अतिथियों का आगमन छपरा की पावन धरती पर होने जा रहा है। श्री श्रीवास्तव ने बताया कि ख्याति प्राप्त चित्रांश गुरु एवं पीठाधीश्वर, वैज्ञानिक और शिक्षाविद उत्तर प्रदेश, बिहार, नेपाल के प्रतिष्ठित राजनेता, प्रसिद्ध प्रोफेसर एवं शोधकर्ता, भारत की चित्रांश समितियों के प्रमुख, बिहार एवं भारत के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
बैठक में विभिन्न समितियों के सुझाव एवं सहमति प्राप्त की गई। चित्रांश समिति की ओर से महासचिव पंकज वर्मा ने बच्चों को प्रोत्साहन देने वाले कार्यक्रम जोड़ने का सुझाव दिया। अधिवक्ता अमिताभ रमण ने सारण के ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक एवं शिक्षाविदों को सम्मानित करने का प्रस्ताव रखा।
श्री चित्रगुप्त सेवा समिति के रूपेश नंदन ने सभी प्रस्तावों का समर्थन किया। अभिषेक अरुण ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत चर्चा की तथा बताया कि इसकी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। कायस्थ परिवार के महासचिव अजय सहाय ने कार्यक्रम संचालन हेतु आवश्यक धनराशि के व्यवस्थापन पर चर्चा की। मिशन 2 करोड़ चित्रांश इंटरनेशनल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिलेश्वर माधव ने विभिन्न प्रदेशों से आने वाले विशेष अतिथियों के स्वागत और प्रबंधन की जिम्मेदारी ली है।
कायस्थ परिवार के सचिव अजीत सहाय एवं प्रवक्ता आनंद विवेक ने चित्रांश सम्मान में सम्मानित किए जाने वाले व्यक्तिओं के नाम का प्रस्ताव मांगा। युवा चित्रांश सौरव श्रीवास्तव और सागर श्रीवास्तव ने अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने की जिम्मेदारी संभाली है। अंत में मेजबान कमल किशोर सहाय ने बैठक में उपस्थित सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रूपेश नंदन, भूपेश नंदन, सौरव श्रीवास्तव, सागर श्रीवास्तव, अनिलेश्वर माधव, अभिषेक अरुण व अन्य सभी समितियों के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*