राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
अयोध्या। डॉक्टर को लोग भगवान का रूप मानते हैं। लेकिन कुछेक लापरवाह डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की वजह से पूरे महकमे के माथे पर कलंक लग जाता है। ऐसा ही एक मामला बीकापुर तहसील मुख्यालय पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का सामने आया है। यहां के चिकित्सक और चिकित्सा कर्मियों की लापरवाही से एक युवक की मौत हो गई। युवक के पिता ने जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और प्रदेश के मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना 7 अगस्त की भोर की बताई जा रही है। थाना बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के मलेथूकनक निवासी प्रखर श्रीवास्तव (22) पुत्र अनिल कुमार श्रीवास्तव को रात करीब 2:45 बजे बीकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। लेकिन गंभीर स्थिति होने के बाद भी यहां सामान्य उपचार तक नहीं मिला, जिससे भोर में ही प्रखर की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही मौत हो गई। अनिल कुमार श्रीवास्तव ने इमरजेंसी में तैनात डॉ अनिल वर्मा और फार्मासिस्ट अनुराग मिश्रा के विरुद्ध घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल ने लिया संज्ञान
ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल के पूर्वी दिल्ली के अध्यक्ष सुधांशु श्रीवास्तव ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी अयोध्या के अलावा अन्य संबंधित अधिकारियों से भी मांग की है कि इस मामले में जो भी लापरवाह डाक्टर-कर्मचारी हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीएम को ट्वीट कर विभागीय जांच के साथ-साथ सरकार से प्रखर श्रीवास्तव के परिजनों को मुवाअजा देने की भी मांग की है।


Leave a Reply