बहुजन समाज एवं बाल सेवा संस्था ने मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य

चरण ठाकुर/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पूरी दुनिया में हर साल आठ मार्च को बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इसके पीछे का मकसद अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं के प्रति सम्मान जताना है। गाजियाबाद में भी सामाजिक संगठन ‘बहुजन समाज एवं बाल सेवा संस्था’ ने बड़े ही हर्षोल्लास के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने इस अवसर पर ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ की महिलाओं को बधाई दी और कहा कि भारत को उनकी तमाम उपलब्धियों पर गर्व है। साथ ही आज के दिन को नारी को शक्तिशाली, प्रगतिशील और संस्कारी बनाने का एक अनूठा माध्यम बताया।
‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ के संपादक जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अदम्य नारी शक्ति को सलाम करता हूं। देश की महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर हमें गर्व होता है। देश का गौरव बढ़ाने में आधी आबादी का पूरा योगदान है। विभिन्न दिशा में उनका काम करना समाज और सरकार के लिए भी सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एक वैश्विक दिवस है जो महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का जश्न मनाता है। यह दिन लैंगिक समानता में तेजी लाने के लिए कार्रवाई का भी संकेत है। बच्चन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एक ऐसा दिन है जो पूरे इतिहास और दुनिया भर में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए समर्पित है।
‘बहुजन समाज एवं बाल सेवा संस्था’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गौतम ने सोमवार, 8 मार्च को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश- दुनिया में विकास के साथ-साथ महिलाओं के प्रति हिंसक सोच थमने की बजाय नये-नये रूपों में सामने आ रही है। यह हमारे लिए चिंता और चुनौती का विषय है। हमें इस हिंसक सामाजिक सोच एवं विचारधारा पर काबू पाना होगा। उनकी संस्था महिलाओं के अस्तित्व एवं अस्मिता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। समाज में हमेशा महिलाओं के प्रति एक नयी सभ्य एवं शालीन सोच विकसित करने का आह्वान करती है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को महिलाओं के प्रति बढ़ रही हिंसा को नियंत्रित करने का भी संकल्प दोहराया है। इस अवसर पर बाला देवी, पुष्पा गौतम, विनोद गौतम, चरण ठाकुर, सतेंदर, मधुर, रविस गौतम, विकास, पुलिस उप निरीक्षक अनिल, गीता, विजयलक्ष्मी आदि मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*