राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ खड़ी है तथा उन्हें न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं होगी।
सीएम ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पांच लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतका के पिता तथा परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र लाभार्थीपरक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस अधिकारियों को अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सभी आवश्यक विधिक उपाय करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मृतका के पिता वेदप्रकाश तथा भाई प्रशांत ने न्याय मिलने का विश्वास व्यक्त किया। इस मौके पर समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply