राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। नेहरू नगर स्थित सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में दोहा व श्लोक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगियों ने कबीरदास, रहीमदास व तुलसीदास रचित दोहों और भगवत गीता के श्लोकों का वाचन किया। मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध दोहाकार उर्वशी अग्रवाल ने कहा कि हिंदी साहित्य विविध विधाओं से परिपूर्ण है। दुनिया की किसी भी भाषा के साहित्य में इतनी विविधता देखने को नहीं मिलती जितनी भारतीय साहित्य में मौजूद है।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने कबीरदास व तुलसीदास के दोहों में अंतर भी जाना। मुख्य अतिथि उर्वशी अग्रवाल ने हाथोंहाथ बच्चों के नाम से ही दोहे सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने दोहे कैसे लिखते हैं, इसकी जानकारी भी बच्चों को दी। ओज के कवि स्वदेश यादव ने अपनी रचनाओं से सभागार का माहौल ही बदल दिया।
प्रधानाचार्या डॉ. माला कपूर ने अपने आशीर्वचनों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। स्कूल की निदेशक प्रधानाचार्या तन्वी कपूर गोयल ने कहा कि अभिभावकों को साक्षरता और शिक्षित होने के अंतर को समझना चाहिए। प्रधानाध्यापिका उमा नवानी ने सभी सभी बच्चों को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन मंजु कौशिक ने किया। इस अवसर पर एकता कोहली, सोनिया सेहरा सहित बड़ी संख्या में अध्यापिकाएं भी उपस्थित थीं।


Leave a Reply