राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
खुर्जा (उत्तर प्रदेश)। बुलंदशहर स्थित चित्रगुप्त सभा खुर्जा के तत्वावधान में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती का भव्य आयोजन किया गया। प्राचीन शिव मंदिर, अलीगढ़ चुंगी, खुर्जा के प्रांगण में श्रद्धा, उल्लास और गरिमामय वातावरण में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजिल अर्पित की गई।
2 अक्टूबर को जयंती कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को दोनों महापुरुषों के सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के अमर जीवन-मूल्यों से जोड़ना था। लेकिन इस मौके पर एक अनूठी और प्रेरक पहल करते हुए नगर के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों को ही मंच पर विशिष्ट अतिथि की आसंदी सौंपी गई। छात्रों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र-निर्माण में अमूल्य योगदान पर अपने ओजस्वी व सारगर्भित विचार व्यक्त कर शमां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ किया गया। ‘द यू वी मंच’ संस्था के कलाकारों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का अत्यंत सुमधुर, लयबद्ध और ऊर्जावान गायन प्रस्तुत किया, जिसने पूरे मंदिर परिसर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। सबसे भावुक और अविस्मरणीय पल वह रहा जब स्पेशल चाइल्ड (दिव्यांग बच्चों) ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। इन विशेष बच्चों ने महात्मा गांधी के अहिंसा व सत्य के संदेश तथा शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष को साकार करता हुआ एक अत्यंत सुंदर और चरितार्थ नृत्य (थीम डांस) प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि कमांडर वीके सिंह एवं प्रशांत जौहरी ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचार शाश्वत हैं और आज की युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक स्तंभ की तरह कार्य करते हैं। नगर के अन्य प्रबुद्ध वक्ताओं ने भी दोनों विभूतियों के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मंच संचालन अनिल सक्सेना ने किया। चित्रगुप्त सभा द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, ‘द यू वी मंच’ की टीम एवं उपस्थित नगरवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से बालेश्वर दयाल सक्सेना, लाल बहादुर सक्सेना, वैभव सक्सेना, भगवान दास सिंघल, चेतन बिस्मिल, चिराग सक्सेना, टीटू सरदार और श्री रवि राणा सहित अनेक समाजसेवी, शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार ‘भारत गौरव’ से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply