राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ किया। इस दौरान प्रदेश भर से आये 50 फरियादियों की समस्याएं सुनी और उसके समाधान की बात कही। रायबरेली के थाना खीरो के ग्राम बरवलिया के एक युवक ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पिता किडनी-हृदय व यूरिन की बीमारी से पीड़ित हैं। इलाज कराने के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने का निर्देश दिया। बीमारी से परेशान अन्य फरियादियों के लिए भी सीएम योगी ने इलाज की व्यवस्था कराई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद मरीज को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। आप भी अस्पताल से एस्टिमेट बनवाकर भिजवाएं। आपके इलाज के खर्च की चिंता सरकार करेगी। सरकार विगत 8 वर्ष से हर जरूरतमंद को निरंतर आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।
‘जनता दर्शन’ में कई फरियादियों के साथ बच्चे भी आए थे, जिन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुलार किया। नन्हे-मुन्नों के सिर पर हाथ फेरकर अपनत्व का अहसास कराया। सीएम योगी ने सभी बच्चों को चॉकलेट और टॉफी प्रदान की।


Leave a Reply