डॉ. महेश शर्मा को हराने के लिए गौतमबुद्ध नगर सीट पर सपा का समर्थन करेगी माकपा

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। माकपा गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी डॉ महेश शर्मा को हराने के लिए माकपा इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी डॉक्टर महेंद्र सिंह नगर का समर्थन करेगी। यह निर्णय गुरुवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी गौतमबुद्ध नगर कमेटी की पार्टी कार्यालय की एक बैठक में लिया गया है।
माकपा के जिला सचिव डॉक्टर रुपेश वर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि 4 अप्रैल की बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सांसद महेश शर्मा का क्षेत्र की जनता के दुख-दर्द से कोई लेना-देना नहीं रहा। क्षेत्र के मजदूर किसान लगातार अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलनरत रहे। लेकिन मजदूरों और किसानों की समस्याओं का समाधान करवाने की बजाय उनका दमन किया गया और सांसद महेश शर्मा खामोश बैठे रहे। इसलिए इस बार डॉक्टर महेंश शर्मा को क्षेत्र के हित में हराना बहुत जरूरी है।
सीपीआई (एम) जिला प्रभारी गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र का अंधाधुंध निजीकरण कर रही है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देश में महंगाई और बेरोजगारी जबरदस्त तरीके से बढ़ी है। जनकल्याणकारी योजनाओं का बजट घटाया जा रहा है और सब्सिडी खत्म की जा रही है। बड़ी संख्या में छोटे उद्योग और कारोबार बंद हुए हैं। सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं और उन पर भर्तियां करने के बजाय उन्हें खत्म किया जा रहा है। ऐसे में इस चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों को हराना हमारा आज पहला कर्तव्य है। बैठक में जिला कमेटी के नेता भीखू प्रसाद, नरेंद्र पांडे, रामसागर, आशा यादव, लता सिंह, चंदा बेगम, राम स्वारथ आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*