जितेन्द्र बच्चन / राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। ऐतिहासिक श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में भगवान दूधेश्वर के दर्शन-अभिषेक के लिए बुधवार को भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव! के जयकारों से पूरा गाजियाबाद गूंजता रहा। हर गली हर सड़क पर भोले के भक्त नजर आए। पावन महापर्व महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर जलाभिषेक के लिए देश भर से भक्त पहुंचे और भगवान की पूजा-अर्चना कर पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि का भी आशीर्वाद लिया।
मंदिर में रात से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। भगवान दूधेश्वर का प्रथम अभिषेक स्वयं महाराजश्री ने किया। उसके बाद जैसे ही मंदिर के कपाट खोले गए, आसपास का पूरा क्षेत्र भगवान शिव, हर हर महादेव और भगवान दूधेश्वर के जयकारों से गूंज उठा। कई बार तो लोगों की भीड़ घंटाघर तक देखी गई। पुलिस सुरक्षा एवं मंदिर प्रशासन की बेहतरीन व्यवस्था के बीच भी दर्शकों की बढ़ती भीड़ के चलते जलाभिषेक के लिए भक्तों को घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ी।
भगवान दूधेश्वर के जलाभिषेक के लिए सभी राजनैतिक दलों के नेता, विभिन्न विभागों के अधिकारी और पत्रकार भी मंदिर पहुंचे। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने सभी भक्तजनों के लिए मंगल कामना की। इस बीच श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग, श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल, दूधेश्वर भगवान के सेवक अजय चोपड़ा ने अतिथियों का सत्कार किया।
‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को मंदिर के पीठाधीश्वर व श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के अन्तर्राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर दूधेश्वर भगवान की पूजा-अर्चना व जलाभिषेक से हर प्रकार का कष्ट दूर होता है और भक्त की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। वहीं मंदिर के मीडिया प्रभारी एसआर सुथार ने बताया कि मंगलवार की रात्रि 9 बजे मंदिर से महाराजश्री की अध्यक्षता में भगवान शिव की बारात निकाली गई, जिसका जगह-जगह भक्तों ने स्वागत किया। शिव बारात के वापस मंदिर पहुंचने पर भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह हुआ। प्रथम भोग प्रसाद के रूप में 108 प्रकार के व्यंजन भगवान दूधेश्वर को अर्पित किए गए।
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज की अध्यक्षता में भगवान दूधेश्वर के जलाभिषेक के साथ रूद्राभिषेक व अष्ट प्रहर पूजन में भी हजारों भक्तों ने भाग लिया। पूजन व रूद्राभिषेक श्री दूधेश्वर वेद विद्यालय के आचार्यों एवं विद्यार्थियों द्वारा कराया गया। इस बीच जिला, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग आदि के अधिकारियों व कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। अच्छी व्यवस्था के लिए सभी की प्रसंशा होनी चाहिए।

Leave a Reply