राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। आज यानी 26 सितंबर को हिंदी फ़िल्मों के सदाबहार अभेनेता देवानंद का 100वां जन्म दिवस है। आज ही के दिन देवानंद को वर्ष 2002 में सिनेमा जगत का शीर्ष सम्मान दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया गया था और आज ही केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एलान किया है कि अपनी अदाकारी से लाखों दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री वहीदा रहमान को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए इस साल फिल्म जगत के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है, “मुझे यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है कि मशहूर अभिनेत्री वहीदा रहमान को भारतीय सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए इस साल प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है।” वहीदा रहमान ने इस पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि ”आज मुझे दोहरी खुशी का अनुभव हो रहा है। जो तोहफा देव आनंद साहब को मिलना था, आज उनकी जयंती पर वह सम्मान मुझे मिला है।”
उल्लेखनीय है कि देवानंद को यह सम्मान मिलने के करीब 21 साल बाद देवानंद की ही फिल्म ‘गाइड’ में नजर आई मशहूर अदाकारा वहीदा रहमान को इस साल दादा साहेब फाल्के सम्मान के लिए चुना गया है। वहीदा रहमान और देव आनंद साहब ने एकसाथ कई शानदार फिल्मों में काम किया था। जिनमें ‘गाइड, बाजी, चौदवीं का चांद, काला बाजार और सी.आई.डी’ जैसी एक से एक सफल फिल्मों के नाम शामिल हैं।


Leave a Reply