राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
बुलन्दशहर। यूपी जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) की जिला इकाई की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला महासचिव दीपक शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सर्वेश राणा ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न समाचार पत्रों, टीवी चैनलों एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार उपस्थित रहे। पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकार, संगठन की मजबूती तथा पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष नन्दकिशोर ने कहा कि पत्रकारों को संगठित होकर कार्य करना होगा। यदि पत्रकार एकजुट रहेंगे तो किसी भी अधिकारी या अन्य व्यक्ति द्वारा उन पर झूठे आरोप लगाने अथवा उत्पीड़न करने का प्रयास सफल नहीं होगा। उन्होंने संगठन की मजबूती पर विशेष बल दिया।
जिला महासचिव दीपक शर्मा ने कहा कि पत्रकारों के लिए आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इसके लिए शीघ्र ही जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि पत्रकारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।
जिला सचिव सर्वेश राणा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं, लेकिन आज भी उन्हें अपेक्षित अधिकार और सुविधाएं प्राप्त नहीं हैं। सरकार को पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
जिला कोषाध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि सभी पत्रकारों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहना चाहिए, जिससे किसी भी पत्रकार को अनावश्यक मुकदमों या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े। वरिष्ठ पत्रकार कैलाश शर्मा ने कहा कि पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और सरकारों को भी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर होना चाहिए। जिला मीडिया प्रभारी जेपी गुप्ता ने पत्रकारों के लिए पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग उठाते हुए कहा कि लंबे समय तक समाज और लोकतंत्र की सेवा करने वाले पत्रकारों को सरकार की ओर से सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकार हितों की रक्षा तथा भविष्य की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष नन्दकिशोर लोधी, जिला महासचिव दीपक शर्मा, जिला सचिव सर्वेश राणा, जिला कोषाध्यक्ष अनिल कुमार, जिला सह-कोषाध्यक्ष के. प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी जेपी गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मोहित कौशिक, वरिष्ठ पत्रकार कैलाश शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार अनिल तोमर सहित जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।


Leave a Reply