वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में उमड़े लोग, दिव्यांगों ने भी दिखाया जोश

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नयी दिल्ली। देश की राजधानी की रविवार की सुबह उल्लेखनीय रही। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2025 ने सभी के दिल और आत्मा पर कब्जा कर लिया। सड़कों पर फिटनेस और जोश का नजारा दिखा। मैराथन में 40,500 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। हर वर्ग के लोग शामिल हुए। छात्र, खिलाड़ी, सैनिक, दिव्यांग, वरिष्ठ व आम नागरिक सभी ने दौड़ लगाकर फिट रहने व आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मैराथन में समाज के हर हिस्से को जोड़ने के लिए ग्रेट दिल्ली रन, वरिष्ठ नागरिक रन व दिव्यांगजन के लिए चैंपियंस रन जैसी श्रेणियों में हजारों लोगों ने भाग लिया। इस आयोजन ने दिखाया कि फिटनेस सिर्फ शरीर के लिए नहीं बल्कि समाज को जोड़ने का एक माध्यम भी है। मैराथन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और रक्षा प्रमुख जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी दौड़ में भाग लिया और पहली बार तीनों सेनाओं के प्रमुख अधिकारी थलसेना, वायुसेना और नौसेना के वरिष्ठ अफसर भी दौड़ में शामिल हुए।
इस आयोजन में ओलंपिक विजेता कार्ल लुईस ने विशेष अतिथि के रूप में धावकों का उत्साह बढ़ाया। उनके साथ भारत के सरबजोत सिंह और तेजस्विन शंकर जैसे खिलाड़ियों की जहां मौजूदगी रही, वही समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के नोएडा अध्यक्ष एवं बरगढ़ (ओडिशा) के मूल निवासी खीर मोहन अदाबर ने भी मैराथन में भाग लिया और दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने निर्धारित समय में वेदांता हाफ मैराथन पूरी की। उन्होंने उत्साह के साथ अपनी बात ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से शेयर करते हुए कहा, “हमारे लिए यह सीखने का एक शानदार अवसर था और ओडिशा तथा नोएडा वालों के लिए गर्व की बात है।”

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*