‘काव्योत्सव’ में मशहूर चित्रकार डॉ. लाल रत्नाकर का छलका दर्द

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर स्थित ऑरनेट पैलेस में अमर भारती साहित्य संस्कृति संस्थान द्वारा ‘काव्योत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मशहूर चित्रकार डॉ लाल रत्नाकर थे। उन्होंने गाजियाबाद शहर में कला-साहित्य से जुड़े कार्यक्रमों के लिए कोई उपयुक्त स्थान न होने पर अफ़सोस ज़ाहिर करते हुए कहा कि जीडीए ने हिंदी भवन को प्राइवेट हाथों में सौंप कर उसका व्यवसायीकरण कर दिया। अब अगर किसी साहित्यिक संस्था को वहाँ कार्यक्रम करना है तो उसे भारी-भरकम रक़म अदा करनी पड़ती है। यही हाल नगर निगम का है। उसने नवनिर्मित पंडित दीन दयाल उपाध्याय सभागार का प्रबंधन निजी हाथों में सौंप दिया है। हम सभी को इस तरह की नीतियों का विरोध करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चर्चित कवि प्रो हेमंत कुकरेती ने की। उन्होंने कहा कि हिंदी कविता नए-नए प्रयोगों के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। साथ ही अमर भारती संस्थान को कविता की अच्छी प्रयोगशाला के रूप में चिह्नित किया। प्रोफ़ेसर कुकरेती ने कहा कि समाज एक गतिशील घटना है। इसमें रोज़ ज्ञान-विज्ञान के नए पृष्ठ जुड़ते जाते हैं। कविता सदैव ही जीवन को समग्रता में देखने और अभिव्यक्त करने का प्रयास करती है। इस अवसर पर उन्होंने अपनी कई चर्चित कविताओं का पाठ भी किया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध भाषा विज्ञानी एवं कवयित्री मधु बी जोशी ने शब्दों के सही प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि आज लोग मनमाने तरीक़े से भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। शब्दों के अर्थ बदल रहे हैं। शहर के मध्य से गुजर रही हिंडन नदी के प्रदूषण से व्यथित होते हुए उन्होंने आधी सदी पहले के परिदृश्य पर अपनी कई कविताओं का पाठ किया, जिन्हें उपस्थित श्रोताओं ने खूब सराहा।रविवार, 18 दिसंबर को आयोजित काव्योत्सव में कवि प्रवीण कुमार के कविता संग्रह ‘नियंता नहीं हो तुम’,गीतकार रमेश कुमार भदौरिया के गीत संग्रह ‘गीत तुम्हीं संगीत तुम्हीं’ और परिंदे पत्रिका के दिसम्बर अंक का विमोचन भी किया गया। काव्य पाठ करने वाले प्रमुख कवियों में डॉ योगेन्द्र दत्त शर्मा, वेद शर्मा वेद, श्रीविलास सिंह, विपिन जैन, रमेश कुमार भदौरिया, अंजुम कृष्ण, प्रवीण कुमार, डॉ नीरज कुमार मिश्र, अरविंद पथिक, सुभाष अखिल, कमलेश त्रिवेदी फ़र्रूख़ाबादी, दिनेश दत्त शर्मा, पीयूष यादव, सैय्यद अली मेंहदी, सरिता शर्मा, प्रांजलि शिवहरे, अनुराग भारद्वाज शामिल रहे।
इस अवसर पर कथाकार राज कमल, रविंद्रकांत त्यागी, समाजसेवी प्रशांत चौधरी, मंजीत चौधरी, श्वेता त्यागी, अरुण कुमार, पत्रकार अमरेन्द्र राय, छायाकार कुलदीप, वरिष्ठ अधिवक्ता केपी सिंह व वागीश शर्मा, परिंदे पत्रिका के कार्यकारी संपादक ठाकुर प्रसाद चौबे के साथ-साथ मीनू कुमार, गरिमा कुमार, कुमार आर्यन, हिमानी कश्यप, राम कुमार भल्ला, सुनीता शर्मा जैसे सुधी श्रोता उपस्थित रहे।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*