इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में शैक्षणिक प्रदर्शनी का आयोजन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। अपने ज्ञान और भावों की सौंदर्यपूर्ण अभिव्यक्ति कला कहलाती है और विभिन्न कलाओं का संगम प्रदर्शनी बन जाता है। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित शैक्षणिक प्रदर्शनी (पिकोली स्टूडियोसी) का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी कक्षा एक से लेकर कक्षा नौ तक के विद्यार्थियों के लिए थी। विद्यार्थियों ने अपने विषय को ज्ञानवर्धक गतिविधियों, कला तथा खेलों से जोड़ते हुए विषयों से संबंधित जानकारी देने का माध्यम बनाया तथा नवाचार के प्रयोग से आकर्षक रूप देने का प्रयास किया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के उप सचिव अमित सिन्हा तथा निदेशक पंकज जोशी ने प्रत्येक कक्षा का भ्रमण किया तथा उन बच्चों द्वारा तैयार की गई गतिविधियों एवं खेलों में प्रतिभागिता कर अपने बहुमूल्य शब्दों के द्वारा उत्साहवर्धन भी किया। इतिहास के विद्यार्थी जहां विभिन्न नमूनों और चित्रों के माध्यम से ऐतिहासिक तथ्यों एवं दर्शनीय स्थलों को प्रदर्शित कर रहे थे, वहीं नागरिक शास्त्र के विद्यार्थी अपने देश के संविधान एवं शासन व्यवस्था को समझा रहे थे। विज्ञान के विद्यार्थी विभिन्न चित्रों, प्रतिकृतियों, चलित नमूनों एवं गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न तथ्यों की सत्यता को सिद्ध करके दिखा रहे थे। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका श्रीमती श्रद्धा सिंह, उप प्रधानाचार्य श्रीमती कल्पना सीजो एवं प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय भी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*