जितेन्द्र जायसवाल/राष्ट्रीय जनमोर्चा
लखनऊ। इटौंजा के असनहा गद्दीपुरवा में तेज रफ्तार ट्रक ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। ट्रॉली मुंडन कराने जा रहे लोगों से भरी थी जो तालाब में पलट गई। सभी डूब गए। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, लेकिन जिलाधिकारी लखनऊ ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने गोताखोरों व स्थानीय लोगों की मदद से 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। मौके पर पहुंची इटौंजा पुलिस व एनडीआरएफ की टीम बचाव व राहत कार्य में जुटी है। मृतकों में आठ महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। सरकार ने मृतकों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
बताया जाता है कि सीतापुर के अटरिया स्थित तिकौली गांव के चुन्नीलाल उर्फ चुन्नन के बेटे का मुंडन संस्कार था। नवरात्रि के पहले दिन इटौंजा के ऊनई देवी मंदिर में मुंडन होना था। इसके लिए पूरा परिवार रिश्तेदारों व परिचितों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मंदिर जा रहा था। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली असनहा के गद्दीपुरवा गांव के पास पहुंची थी, तभी बेहटा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे सड़क किनारे बड़े तालाब में जा गिरी।
डीएम लखनऊ के अनुसार मृतकों में बिट्टो (13) पुत्र चुन्नी लाल, कोमल (38) पत्नी चुन्नी लाल, सुषमा (58) पत्नी रामरतन मौर्य, रुचि मौर्य (19) पुत्री रामरतन मौर्य, अन्नपूर्णा देवी (37) पत्नी बाबूराम, सुखरानी पत्नी सुखलाल, सुनील पाल (38) पत्नी राम खेलावन, अंशिका गुप्ता (13) पुत्री पवन गुप्ता, मालती (40) बाबूलाल, केतकी (55) पत्नी छोटे लाल शामिल हैं। शेष की पहचान की जा रही है। कुछेक लोगों का कहना है कि ट्रॉली में कुल 46 लोग सवार थे।


Leave a Reply