राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से खोड़ा कॉलोनी निवासी श्रीमती सरोज पत्नी कौशलेन्द्र सिंह चौहान को उनके पुत्र सूर्या चौहान के 28 मई 2026 को हुए निधन के उपरांत भरण-पोषण के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता जिलाधिकारी गाजियाबाद की संस्तुति पर प्रदान की गई है।
रविवार, 31 मई को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि स्वीकृत कराई गई है। इसके अतिरिक्त पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नगर पालिका के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि परिवार के भरण-पोषण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सहायता राशि निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभार्थी को उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान पीड़ित परिवार से मिलने के लिए कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, जिलाधिकारी, एसडीएम अरुण दीक्षित, चेयरमैन रीना भाटी सहित अन्य अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Leave a Reply