राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में अग्निशमन पदाधिकारी श्रेय यादव के नेतृत्व में आग पर काबू पाने के लिए मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए कई उपाय बताए। साथ ही इसकी विधिवत जानकारी दी कि आग से नुकसान को कैसे रोका या कम किया जा सकता है।
मनोज कुमार ने बताया कि आग कई कारणों से लगती हैं। इसलिए आग को पूरी सावधानी से बुझाना चाहिए। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन, ज्वलनशील पदार्थ और गर्मी यह तीनों चीजें मिलकर एक त्रिभुज का निर्माण करती हैं। इस त्रिभुज की रचना होने पर ही आग लगती है। यदि इस त्रिभुज का निर्माण न हो तो आग नहीं लग पाएगी। इस दौरान अग्निशमन कर्मियों ने सिलेंडर एवं परिसर में आग लगाकर सुरक्षित तरीके से उसे बुझाने का तरीका सिखाया।
उन्होंने बताया कि आग लगने पर कभी घबराना नहीं चाहिए, बल्कि मौके पर सूझबूझ से काम लेते हुए आग बुझाने के उपाय करने चाहिए। अफरा-तफरी होने से नुकसान का खतरा अधिक रहता है। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए कई सवालों का अग्निशमन पदाधिकारी ने उत्तर दिया, जिससे बच्चों को यह जानकारी हुई कि आग पर कैसे काबू पाया जा सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुकर प्रिया ने आग पर काबू पाने के लिए विद्यार्थियों को जो गुरु सिखाए, उसके लिए अग्निशमन पदाधिकारी श्रेय यादव व उनकी टीम को धन्यवाद दिया है।


Leave a Reply