राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। सुबह-सुबह बादलों का रुख बदल गया। तेज बारिश शुरू होते ही बिजली कौंधने लगी। रोजी-रोटी कमाने निकले लोगों को समझ में नहीं आ रहा था कि बारिश से कैसे बचें। जिसे जहां जगह मिली, वहीं आसरा ले लिया। इंदिरापुरम थाना कोतवाली अंतर्गत मकनपुर गांव में भी पांच महिलाएं पीपल के एक पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़ी हो गईं। उनके साथ 12 साल की एक बच्ची भी थी, तभी आकाशीय बिजली कड़की और पेड़ पर आ गिरी। बच्ची की मौत हो गई, जबकि पांचों महिलाएं बुरी तरह झुलस गईं। पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया है। एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हादसा मकनपुर गांव के पास स्थित एक मंदिर के नजदीक का है। यहां कुछ झुग्गी-झोपड़ी हैं, जिनमें मेहनत-मजदूरी करने वाले कुछ परिवार रहते हैं। शुक्रवार की सुबह-सुबह पांचों महिलाएं और बच्ची भी काम करने के लिए निकली थीं, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वे सभी मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। मंदिर के पुजारी सूर्य प्रकाश पांडेय के अनुसार अचानक बादल गरजा और तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने से बच्ची झुलसकर जमीन पर गिर पड़ी। उसके पास ही मौजूद पांच अन्य महिलाएं भी झुलस गईं, लेकिन बच्ची की मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया। मृतका बच्ची की पहचान अजमेरु पुत्री परवेज बताया गया है। झुलसने वाली महिलाओं में अजमेरी खातून (33), शालो (40), शबाना (40), नंदिनी और जसमीन शामिल हैं। शालो की हालत चिंताजनक बताई गई है। ये सभी बिहार के पूर्णिया और मधेपुरा जिले की मूलत: रहने वाली हैं और यहां मकानपुर की झुग्गियों में रहती हैं।


Leave a Reply